उत्तराखंड सरकार राज्य में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल उद्योगों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा औद्योगिक माहौल तैयार करना है जहां स्थानीय युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें.
सीएम धामी ने कहा कि इसी सोच के साथ सरकार निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है. सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों का सकारात्मक असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है.
राज्य में एमएसएमई क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है और इसके माध्यम से अब तक 4.70 लाख से अधिक रोजगार के अवसर तैयार किए जा चुके हैं. धामी ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बनकर उभरा है. छोटे और मध्यम उद्योगों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर नए उद्यम स्थापित हो रहे हैं, जिससे रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर आगे बढ़ें. इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि नए उद्यमियों को कारोबार शुरू करने में किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े.
हमारी सरकार प्रदेश में MSME क्षेत्र को सशक्त, आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रही है। उद्योगों को प्रोत्साहन, निवेश को बढ़ावा तथा उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के हमारे सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि आज प्रदेश में MSME क्षेत्र के… pic.twitter.com/gee6AHPzqx
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 14, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र की यह उपलब्धि केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के समग्र आर्थिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है. उद्योगों के विस्तार से निवेश बढ़ रहा है, स्थानीय उत्पादन को प्रोत्साहन मिल रहा है और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत हो रही हैं.
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की निरंतर प्रयासों और उद्योग अनुकूल नीतियों के बल पर आने वाले समय में उत्तराखंड का एमएसएमई क्षेत्र और अधिक सशक्त होगा. इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि विकसित उत्तराखंड के संकल्प को भी नई गति मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर, औद्योगिक रूप से सक्षम और रोजगार संपन्न बनाने के अपने लक्ष्य पर लगातार काम करती रहेगी.