menu-icon
India Daily

राम मंदिर ट्रस्ट का बड़ा फैसला, हर महीने वेबसाइट पर सार्वजनिक होगा दान और आय का पूरा हिसाब

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवादों और आरोपों के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. अब मंदिर की आय, दान, बहुमूल्य उपहार और खर्च का पूरा ब्योरा हर महीने वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जाएगा.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
राम मंदिर ट्रस्ट का बड़ा फैसला, हर महीने वेबसाइट पर सार्वजनिक होगा दान और आय का पूरा हिसाब
Courtesy: ANI

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की वित्तीय व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने का निर्णय लिया है. हाल के दिनों में चढ़ावे और दान को लेकर लगे आरोपों के बाद ट्रस्ट ने यह कदम उठाया है ताकि भविष्य में किसी तरह की आशंका या विवाद की गुंजाइश न रहे. 

अब राम मंदिर को प्राप्त होने वाली हर महीने की आय का विस्तृत विवरण ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा. ट्रस्ट के अनुसार, दान पात्रों और दान काउंटरों से प्राप्त राशि, विदेशी मुद्रा अधिनियम के तहत निर्धारित खातों में जमा होने वाली धनराशि तथा विभिन्न बैंकों से मिलने वाले ब्याज का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाएगा. 

उपहारों का भी रखा जाएगा सार्वजनिक रिकॉर्ड

पहली बार रामलला को श्रद्धालुओं की ओर से भेंट की जाने वाली बहुमूल्य वस्तुओं का विवरण भी वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा. अब तक इन वस्तुओं की जानकारी केवल मौखिक रूप से ट्रस्टियों के साथ साझा की जाती थी, जबकि लिखित रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं होता था. पहले प्रत्येक चार महीने में ट्रस्ट की कार्यकारिणी बैठक के दौरान आय और व्यय का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया जाता था और उसकी प्रतियां ट्रस्टियों को दी जाती थीं. हालांकि हालिया घटनाक्रम के बाद ट्रस्ट ने यह व्यवस्था बदलने का निर्णय लिया है और अब सभी महत्वपूर्ण जानकारियां लिखित रूप में भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

आरोपों के बाद बदली रणनीति

ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों का कहना है कि हाल के घटनाक्रम में कुछ दानदाताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों से ट्रस्ट की छवि प्रभावित हुई. ट्रस्ट का मानना है कि समय पर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक न होने से भ्रम की स्थिति बनी. इसी अनुभव को देखते हुए अब नियमित रूप से वित्तीय जानकारी सार्वजनिक करने की तैयारी की गई है.

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इच्छुक अभ्यर्थी 18 जुलाई शाम 4 बजे तक ई-मेल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. चयनित सीईओ ट्रस्ट के महासचिव के प्रति जवाबदेह होगा. मंदिर प्रबंधन का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी. न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है तथा 50 से 70 वर्ष आयु वर्ग के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.