menu-icon
India Daily

कैंची धाम स्थापना दिवस पर बाबा के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, 1500 जवान तैनात; जानें क्या-क्या की गईं व्यवस्थाएं

कैंची धाम के स्थापना दिवस पर लाखों श्रद्धालु बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे हैं. चलिए जानते हैं श्रद्धालुओं के लिए क्या-क्या व्यवस्थाएं की गईं है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
कैंची धाम स्थापना दिवस पर बाबा के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, 1500 जवान तैनात; जानें क्या-क्या की गईं व्यवस्थाएं
Courtesy: Pinterest

नैनीताल: उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीम करौली बाबा के स्थापना दिवस पर आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा है. रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था और सोमवार को लाखों भक्त बाबा के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं. स्थापना दिवस को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

कैंची धाम को इस अवसर पर दुल्हन की तरह सजाया गया है. मंदिर परिसर में पीले, हरे, सफेद और नीले रंग के फूलों और मालाओं से विशेष सजावट की गई है. दूर से ही मंदिर की भव्य सजावट श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रही है. हर वर्ष स्थापना दिवस पर विशेष सजावट की जाती है, लेकिन इस बार भी मंदिर परिसर की सुंदरता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

श्रद्धालुओं के लिए क्या-क्या की गई व्यवस्था?

स्थापना दिवस के अवसर पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है. मंदिर प्रबंधन की ओर से भक्तों को मालपुए और सब्जी का पैक्ड प्रसाद वितरित किया जा रहा है. प्रसाद वितरण का कार्य सुबह 6 बजे से शुरू होकर रात 9 बजे तक लगातार जारी रहेगा. बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालने में सहयोग कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है. जिला पुलिस के साथ-साथ एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है. पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

प्रशासन की ओर से क्या की गई है व्यवस्था?

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष अधिकारियों की भी तैनाती की है. तीन जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, सात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी और एक एसपी वायरलेस को जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा 1500 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री बल के जवान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में लगे हुए हैं.

यातायात के लिए क्या है व्यवस्था?

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. भवाली, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं के लिए नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है ताकि सभी भक्त सुरक्षित और सुगम तरीके से बाबा के दर्शन कर सकें.