menu-icon
India Daily

बनबसा में होगा उत्तराखंड का भव्य योग दिवस कार्यक्रम, मुख्यमंत्री धामी करेंगे योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनबसा में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों के साथ योगाभ्यास करेंगे.

babli
Edited By: Babli Rautela
बनबसा में होगा उत्तराखंड का भव्य योग दिवस कार्यक्रम, मुख्यमंत्री धामी करेंगे योगाभ्यास
Courtesy: X

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को चंपावत जिले के बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस विशेष आयोजन को लेकर प्रशासन और विभिन्न विभागों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है. कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे.

समीक्षा बैठक में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को टनकपुर पावर स्टेशन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष एवं राज्य योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष विनय रूहेला ने की. उन्होंने सभी विभागों को समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि यह आयोजन न केवल चंपावत जिले बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है.

बैठक के दौरान कार्यक्रम स्थल पर होने वाली सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई. अधिकारियों को पेयजल, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा मंच, साउंड सिस्टम, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा साफ सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया.

लोगों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

विनय रूहेला ने जिले और प्रदेश के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण साधन है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं कार्यक्रम में भाग लेकर लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे. बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विस्तृत योजना तैयार की गई है.

योग को जन जन तक पहुंचाने का अभियान

अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में योग को जन जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि लोगों को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का अवसर है.