menu-icon
India Daily

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा मातम में बदली, गंगनहर में डूबने से 4 किशोरों की दर्दनाक मौत

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगनहर में स्नान करते समय चार किशोर गहरे गड्ढे में डूब गए. जल पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया, लेकिन अस्पताल में चारों को मृत घोषित कर दिया.

KanhaiyaaZee
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा मातम में बदली, गंगनहर में डूबने से 4 किशोरों की दर्दनाक मौत
Courtesy: Social Media

देहरादून: कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. चंडीगढ़ से गंगाजल लेने पहुंचे चार किशोर गंगनहर में स्नान के दौरान गहरे गड्ढे में फंस गए और डूब गए. सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ ने राहत अभियान चलाया, लेकिन सभी को बचाया नहीं जा सका. इस हादसे ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया. पुलिस ने मृतकों की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है.

शुक्रवार दोपहर ज्वालापुर क्षेत्र की गंगनहर में चार किशोर स्नान कर रहे थे. इसी दौरान नहर में बने गहरे गड्ढे में उनका संतुलन बिगड़ गया. पहले एक किशोर डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए उसके साथी आगे बढ़े. देखते ही देखते चारों गहरे पानी में समा गए और बाहर नहीं निकल सके.

बचाने की कोशिश भी रही नाकाम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंगनहर में सिल्ट आने के कारण मायापुर क्षेत्र में पानी का स्तर किनारों पर कम दिखाई दे रहा था. भरत सबसे पहले आगे बढ़ा और गहरे हिस्से में फंस गया. उसे बचाने के लिए नितीश, शिवांशु और बाद में रोहित भी पानी में उतर गए. साथी साहिल ने किसी तरह अमित को बाहर निकाल लिया, लेकिन चारों किशोरों को नहीं बचाया जा सका.

जल पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. जल पुलिस ने तीन किशोरों को बाहर निकाला, जबकि चौथे को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया. सभी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया.

चंडीगढ़ के रहने वाले थे सभी किशोर

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शिवांशु, नितीश और भरत निवासी सेक्टर-30बी चंडीगढ़ तथा रोहित निवासी सेक्टर-26 बाबूधाम कॉलोनी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है. सभी गंगाजल लेने हरिद्वार आए थे. उनके अन्य साथी जल लेकर वापस लौटने की तैयारी में थे, तभी यह हादसा हो गया.

पुलिस ने परिजनों को दी सूचना

एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि चारों किशोरों की मौत डूबने से हुई है. हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है. घटना के बाद जिला अस्पताल में साथी कांवड़िए और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगनहर या अन्य जलधाराओं में स्नान करते समय सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और गहरे पानी वाले क्षेत्रों से दूर रहें.