दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के परचम लहराने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बधाई दी है. सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद, सकारात्मक बदलाव और छात्र शक्ति के भरोसे का प्रतीक है. उन्होंने अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छिकारा और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह की जीत को ऐतिहासिक बताया.
जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा. राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान का जिक्र करते हुए धामी ने इसे 'झूठ की गूंज' करार दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा जनरेशन जेड (Gen Z) यानी युवा मतदाताओं को भ्रमित करने के तमाम प्रयासों के बावजूद, आज की जागरूक युवा पीढ़ी ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए राष्ट्रहित और विकास की विचारधारा का चयन किया है.
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में @ABVPVoice की शानदार एवं ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 19, 2026
अध्यक्ष पद पर यश डबास जी, सचिव पद पर रिया छाबड़ी जी एवं सह-सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह जी को मिली विजय छात्रशक्ति के उस विश्वास का प्रतीक है, जिसने राष्ट्रवाद, विचार और… pic.twitter.com/XVSIbgzPsJ
चुनाव नतीजों के बाद एबीवीपी के नवनिर्वाचित संयुक्त सचिव लक्ष्य राज सिंह ने कहा कि संगठन ने छात्रों की समस्याओं पर लगातार धरातल पर काम किया है. उन्होंने सत्या निकेतन में एक पीजी भवन ढहने की दुखद घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि एबीवीपी ने छात्रों की सुरक्षा और एमसीडी (MCD) आयुक्त के इस्तीफे को लेकर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया था. यही वजह है कि युवाओं का भरोसा एबीवीपी पर बना रहा.
20 राउंड की मतगणना के बाद जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, एबीवीपी के यश डबास ने अध्यक्ष पद पर 24,576 वोट हासिल कर एनएसयूआई के विजय मीणा को हराया. उपाध्यक्ष पद पर पूर्व एनएसयूआई सदस्य व निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन (30,615 वोट) विजयी रहे. सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छिकारा ने 21,650 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह (16,641 वोट) ने बेहद कड़े मुकाबले में जीत हासिल की.