menu-icon
India Daily

चादर तक नहीं मुड़ी... न लूट हुई, देहरादून कारोबारी की पत्नी की हत्या से हड़कंप; जांच जारी

देहरादून के डालनवाला स्थित एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में कारोबारी की 70 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल की घर में हत्या कर दी गई. वह घर में अकेली थीं और दोपहर करीब एक बजे बेटी से फोन पर बात भी हुई थी.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
चादर तक नहीं मुड़ी... न लूट हुई, देहरादून कारोबारी की पत्नी की हत्या से हड़कंप; जांच जारी
Courtesy: Pinterest

देहरादून: देहरादून के पॉश डालनवाला इलाके में गुरुवार को हुई हत्या की वारदात ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया. एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में कारोबारी दिनेश बंसल की 70 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर के भीतर मृत मिलीं. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस बिस्तर पर उनका शव मिला, उसकी चादर तक मुड़ी नहीं थी. घर का सामान भी अपनी जगह सुरक्षित था. ऐसे में मामला सामान्य लूट की बजाय सुनियोजित हत्या की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है. पुलिस के मुताबिक दिनेश बंसल डिस्पेंसरी रोड पर गांधी स्कूल के सामने बंसल बुक स्टोर चलाते हैं. गुरुवार सुबह वह रोज की तरह दुकान चले गए थे.

घर में दाखिल होने का तरीका बना बड़ा सवाल

सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान घर में किसी तरह की बड़ी लूटपाट या सामान बिखरा हुआ नहीं मिला. रेखा बंसल के चेहरे पर खरोंच के निशान जरूर पाए गए. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

दोपहर एक बजे तक सब सामान्य था

रेखा बंसल की दोपहर करीब एक बजे बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी. पुलिस अब इस कॉल के बाद की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दे रही है. जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि उस समय के बाद घर के आसपास कौन आया जाया था. पड़ोसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. 

करीबी व्यक्ति पर क्यों बढ़ा शक?

पुलिस का मानना है कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति घर के माहौल और आने जाने के तरीके से परिचित हो सकता है. परिवार से पूछताछ के दौरान पति दिनेश बंसल ने पुलिस को कुछ अहम जानकारियां दी हैं. इन्हीं जानकारियों के आधार पर जांच का दायरा करीबी लोगों तक केंद्रित किया गया है. 

लूट नहीं, हत्या का मकसद तलाश रही पुलिस

घटनास्थल की स्थिति ने हत्या के उद्देश्य को लेकर भी कई सवाल खड़े किए हैं. घर में सामान सुरक्षित था और बिस्तर की चादर तक अस्त व्यस्त नहीं मिली. इससे लूट की आशंका कमजोर होती है. चेहरे पर खरोंच के निशान मिले हैं, इसलिए पुलिस हत्या के पीछे संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है. संपत्ति से जुड़े विवाद समेत दूसरे पहलुओं को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. डालनवाला की एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई है.