menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में शुरू हुआ सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम, मोबाइल पर तुरंत आएगा आपदा का अलर्ट

उत्तराखंड सहित पूरे देश में अब आपदा की सटीक चेतावनी सीधे मोबाइल फोन पर मिलेगी. केंद्र सरकार ने स्वदेशी सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम शुरू कर दिया है. यह सिस्टम सी-डॉट ने विकसित किया है. इससे प्रभावित इलाके के सभी लोगों को एक साथ आपातकालीन अलर्ट भेजा जा सकेगा.

antima
Edited By: Antima Pal
उत्तराखंड में शुरू हुआ सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम, मोबाइल पर तुरंत आएगा आपदा का अलर्ट
Courtesy: X

देहरादून: उत्तराखंड सहित पूरे देश में अब आपदा की सटीक चेतावनी सीधे मोबाइल फोन पर मिलेगी. केंद्र सरकार ने स्वदेशी सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम शुरू कर दिया है. यह सिस्टम सी-डॉट ने विकसित किया है. इससे प्रभावित इलाके के सभी लोगों को एक साथ आपातकालीन अलर्ट भेजा जा सकेगा.

उत्तराखंड में शुरू हुआ सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम

राज्यसभा में डॉ. नरेश बंसल के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी गई. संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने बताया कि यह स्वदेशी प्रणाली अधिकृत सरकारी एजेंसियों को किसी भी क्षेत्र में मौजूद सभी मोबाइल फोन पर एक साथ चेतावनी भेजने की सुविधा देती है. सिस्टम को देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू कर दिया गया है. सभी दूरसंचार कंपनियों के माध्यम से यह काम कर रहा है.

मोबाइल पर तुरंत आएगा आपदा का अलर्ट

इस प्रणाली को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी एनडीएमए के सचेत प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया गया है. इससे राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तुरंत अलर्ट प्रसारित कर सकेंगे. वे इसकी निगरानी भी कर पाएंगे. पहले अलर्ट भेजने में देरी होती थी लेकिन अब प्रभावित क्षेत्र के लोगों तक जानकारी तेज गति से पहुंचेगी.

उत्तराखंड जैसे आपदा संभावित राज्य के लिए यह व्यवस्था बहुत जरूरी है. पहाड़ी इलाकों में बाढ़, भूस्खलन या भारी बारिश की स्थिति में लोग समय रहते सतर्क हो सकेंगे. मोबाइल पर आने वाले अलर्ट से जान-माल की सुरक्षा में मदद मिलेगी. सिस्टम किसी खास इलाके को टारगेट कर सकता है इसलिए अनावश्यक अलर्ट नहीं भेजे जाएंगे.

सरकार का दावा है कि यह तकनीक पूरी तरह स्वदेशी है. सी-डॉट ने इसे तैयार किया है ताकि देश आत्मनिर्भर बने. अब आपदा प्रबंधन एजेंसियां बिना किसी बाधा के चेतावनी जारी कर सकेंगी. वहीं मौसम के मोर्चे पर मंगलवार को उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. कई जगहों पर गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

ऐसे मौसम में नई अलर्ट प्रणाली काम आ सकती है. अगर कोई खतरा बढ़ा तो संबंधित क्षेत्र के लोगों के मोबाइल पर तुरंत संदेश पहुंच जाएगा. इससे राहत और बचाव कार्यों में भी तेजी आएगी.