menu-icon
India Daily

Bageshwar Weather: बागेश्वर में बादलों का डेरा, बढ़ा सरयू नदी का जलस्तर; 7 सड़कें बंद

बागेश्वर में लगातार बारिश के कारण सरयू नदी का जलस्तर बढ़ गया है. सात ग्रामीण सड़कें बंद होने से हजारों लोग प्रभावित हैं, जबकि पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई है.

babli
Edited By: Babli Rautela
Bageshwar Weather: बागेश्वर में बादलों का डेरा, बढ़ा सरयू नदी का जलस्तर; 7 सड़कें बंद
Courtesy: X

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है. रविवार सुबह से जिले में आसमान पर घने बादलों का डेरा बना हुआ है और मौसम सुहावना बना हुआ है. हालांकि लगातार हो रही बारिश अब लोगों की परेशानियां भी बढ़ाने लगी है. कपकोट के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद सरयू नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे पेयजल आपूर्ति और सड़क यातायात दोनों प्रभावित हुए हैं.

मौसम विभाग के अनुसार, बागेश्वर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

सरयू नदी का जलस्तर बढ़ना

कपकोट क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते सरयू नदी का जलस्तर बढ़ गया है. नदी में सिल्ट की मात्रा बढ़ने से कई पेयजल पम्पिंग योजनाएं प्रभावित हुई हैं. इसके कारण कई इलाकों में जलापूर्ति बाधित हो गई है और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. जल संस्थान और संबंधित विभाग स्थिति सामान्य करने में जुटे हैं. अधिकारियों का कहना है कि नदी में सिल्ट कम होते ही पेयजल आपूर्ति को फिर से सुचारु किया जाएगा.

लगातार बारिश से सात सड़कें बंद

बारिश का सबसे अधिक असर जिले की ग्रामीण सड़कों पर पड़ा है. लगातार हो रही वर्षा के कारण सात ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं. इनमें कपकोट क्षेत्र की छह सड़कें और गरुड़ क्षेत्र की एक सड़क शामिल है. लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें बंद मार्गों को खोलने के लिए लगातार काम कर रही हैं, ताकि लोगों की आवाजाही जल्द से जल्द सामान्य हो सके.

सड़कों के बंद होने से जिले के हजारों लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है. कपकोट क्षेत्र में सड़कें बंद होने से करीब आठ हजार लोगों का संपर्क प्रभावित हुआ है. वहीं गरुड़ क्षेत्र में एक सड़क बंद होने से एक हजार से अधिक लोग आवागमन की समस्या झेल रहे हैं. ग्रामीणों को जरूरी सामान, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

पर्यटकों की आवाजाही हुई कम

लगातार बारिश और खराब मौसम का असर पर्यटन पर भी दिखाई देने लगा है. बागेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या कम हो गई है. हालांकि कौसानी जैसे पर्यटन स्थलों पर पहुंचे कुछ पर्यटक मानसून के खूबसूरत मौसम और प्राकृतिक नजारों का आनंद ले रहे हैं.

जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है. विशेष रूप से पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.