menu-icon
India Daily

सेना में जाने का सपना होगा पूरा! 5 अक्टूबर से रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली, जानें पूरी डिटेल

अग्निवीर भर्ती वर्ष 2027 के लिए रुड़की में 5 अक्टूबर से भर्ती रैली शुरू होगी. 23 अक्टूबर तक चलने वाली प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों का चयन होगा.

KanhaiyaaZee
सेना में जाने का सपना होगा पूरा! 5 अक्टूबर से रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली, जानें पूरी डिटेल
Courtesy: Social Media

देहरादून: सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण जल्द शुरू होने वाला है. सीईई-2027 पास अभ्यर्थियों के लिए रुड़की में 5 अक्टूबर से अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी. यह रैली 23 अक्टूबर तक चलेगी. इसमें अग्निवीर जीडी, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, तकनीकी और ट्रेड्समैन पदों के लिए अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा. भर्ती के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ दस्तावेजों की जांच की जाएगी. कुछ तिथियां मेडिकल परीक्षा के लिए भी निर्धारित की गई हैं.

रुड़की में होने वाली भर्ती रैली 5 अक्टूबर से शुरू होगी. पहले चरण में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों से क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल पद के लिए सीईई-2027 पास अभ्यर्थी शामिल होंगे. यह प्रक्रिया 12 अक्टूबर तक चलेगी. इसके बाद जीडी पद के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी.

इन सात जिलों के युवा होंगे शामिल

अग्निवीर जीडी के लिए केवल उत्तराखंड के सात जिलों के अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा. इनमें उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, देहरादून और हरिद्वार शामिल हैं. जीडी श्रेणी की भर्ती प्रक्रिया 13 से 19 अक्टूबर तक चलेगी. अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख पर ही भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा.

20 अक्टूबर को तकनीकी और ट्रेड्समैन भर्ती

तकनीकी और ट्रेड्समैन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया 20 अक्टूबर को होगी. इसमें आठवीं और 10वीं पास अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे. इसके बाद 21 से 23 अक्टूबर तक मेडिकल परीक्षा के लिए तारीखें आरक्षित रखी गई हैं. इस तरह पूरी भर्ती प्रक्रिया अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार तय कार्यक्रम के तहत आगे बढ़ेगी.

दस्तावेजों की जांच में बरतें सावधानी

भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को एडमिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर साथ रखना होगा. ऑनलाइन जनरेटेड पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र, 20 रंगीन फोटो और शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी जरूरी होंगे. सभी मूल प्रमाणपत्रों की तीन-तीन फोटो प्रतियां भी साथ रखने को कहा गया है.

आठवीं की मार्कशीट पर जरूरी है सत्यापन

आठवीं कक्षा की मार्कशीट लाने वाले अभ्यर्थियों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिहस्ताक्षर अनिवार्य हैं. भर्ती स्थल पर ही शपथपत्र तैयार किए जाएंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी जरूरी दस्तावेज पहले से व्यवस्थित कर लें, ताकि सत्यापन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.