menu-icon
India Daily

मसूरी होमस्टे में 27 साल की महिला की संदिग्ध हालत में मौत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

गुरुग्राम की एक महिला की मसूरी के एक होटल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई है. पुलिस के अनुसार, राधा गायत्री अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ कियाना होमस्टे टिपरीधार में रुकी हुई थीं.

Shilpa Shrivastava
मसूरी होमस्टे में 27 साल की महिला की संदिग्ध हालत में मौत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
Courtesy: Pinterest

मसूरी: गुरुग्राम में आईटी कंपनी में काम करने वाली 27 साल की महिला पी राधा गायत्री की मसूरी-धनोल्टी रोड पर एक होमस्टे में संदिग्ध हालत में मौत हो गई. यह घटना सोमवार सुबह सामने आई. पुलिस के अनुसार, राधा गायत्री अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ कियाना होमस्टे टिपरीधार में रुकी हुई थीं. दोनों 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश आए थे और 14 जून की रात करीब 11:30 बजे होमस्टे के ब्लिस’नाम के कमरे में ठहरे थे.

पति ने पुलिस को बताया कि रात में दोनों ने शराब पी थी और सुबह करीब 3:30 बजे सोए थे. जब वह सुबह उठे तो उन्होंने अपनी पत्नी को फर्श पर बेहोश हालत में पाया. उनके नाक और पेशाब से खून बह रहा था. पुलिस ने बताया कि महिला का शव बिना कपड़ों के फर्श पर पड़ा मिला. बेडशीट पर खून के धब्बे थे और कमरे से शराब की दो खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं.

किदवई नगर ईस्ट की रहने वाली थी महिला:

महिला दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट की रहने वाली थीं. उनके पति पुणे में आईटी कर्मचारी हैं. दोनों की शादी नवंबर 2025 में हुई थी और मूल रूप से विशाखापत्तनम के रहने वाले हैं. सोमवार सुबह होमस्टे प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. एम्बुलेंस पहुंची तो फार्मासिस्ट ने महिला को मृत घोषित कर दिया. 

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव: 

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस ने पोस्टमॉर्टम पैनल डॉक्टर्स द्वारा और कैमरे की निगरानी में कराने का अनुरोध किया है. महिला के माता-पिता को सूचना दे दी गई है और वे मंगलवार देर रात विशाखापत्तनम से पहुंचने वाले हैं. फिलहाल मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.