देहरादून: उत्तराखंड की छोटी सी गोल्फर आराध्या रावत ने एक बार फिर कमाल दिखाया है. देहरादून के क्लेमेनटाउन की 11 वर्षीय आराध्या ने राष्ट्रीय गोल्फ प्रतियोगिता में शानदार जीत हासिल की है. उन्होंने 10 स्ट्रोक की बड़ी बढ़त के साथ राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर लिया.
आइटीसी ग्रैंड भारत में हुए इस राष्ट्रीय गोल्फ टूर्नामेंट में आराध्या ने ईवन पार स्कोर के साथ खेलते हुए खिताब जीता. उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी से 10 स्ट्रोक आगे रहकर उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ साबित की. इतनी कम उम्र में इतने बड़े अंतर से जीत हासिल करना आसान नहीं होता. यह जीत उनके बेहतरीन कोर्स मैनेजमेंट, लगातार अच्छे खेल और बढ़ती परिपक्वता को दर्शाती है.
आराध्या कर्नल पंकज रावत की बेटी हैं. उनकी यह सफलता जूनियर गोल्फ में उन्हें फिर से चर्चा का विषय बना चुकी है. इससे पहले भी आराध्या कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं. वह अब तक आठ बार एनसीआर कप जीत चुकी हैं. साल 2024 में उन्होंने इंडियन गोल्फ यूनियन की मेरिट लिस्ट में पहला स्थान हासिल किया था. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया है. थाईलैंड के हुआ हिन स्थित ब्लैक माउंटेन गोल्फ क्लब में एशियन जूनियर मास्टर्स में हिस्सा लेकर उन्होंने 12वां स्थान प्राप्त किया था.
आराध्या के खेल को निखारने में अच्छे कोचों की बड़ी भूमिका है. उन्हें अर्जुन पुरस्कार विजेता भारतीय गोल्फर नोनिता लाल कुरैशी और कोच अर्जुन मलिक का मार्गदर्शन मिल रहा है. दोनों के निर्देशन में वह तकनीक, कोर्स मैनेजमेंट और मानसिक मजबूती पर लगातार मेहनत कर रही हैं.