menu-icon
India Daily

'मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी', UP में महिला ने की आत्महत्या; AI-जनरेटेड वीडियो से ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप

इटावा में 20 वर्षीय युवती ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो में चार लोगों पर उत्पीड़न और ब्लैकमेल का आरोप लगाया. पति का दावा है कि एआई से बने कथित फर्जी वीडियो और तस्वीरों के जरिए उसे परेशान किया जा रहा था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी', UP में महिला ने की आत्महत्या; AI-जनरेटेड वीडियो से ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप
Courtesy: Pinterest (Representative image)

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में 20 वर्षीय एक ब्यूटीशियन और मेकअप आर्टिस्ट की आत्महत्या का मामला सामने आया है. युवती ने आत्महत्या से पहले अपने पति को एक वीडियो भेजा, जिसमें उसने चार लोगों पर लगातार उत्पीड़न और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया. पति का दावा है कि आरोपियों ने कथित तौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई की मदद से बनाए गए फर्जी वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतका की पहचान कोमल मिश्रा के रूप में हुई है, जो अपने पति सौरभ द्विवेदी के साथ इटावा में रहती थीं. आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कोमल ने रुबीना खान, सबीना खान, अभिषेक सिंह और रितेश रॉय का नाम लेते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनका जीवन बर्बाद कर दिया और यदि उनकी मौत हो जाए तो उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

वीडियो में कोमल ने और क्या कहा?

वीडियो में कोमल ने यह भी कहा कि आरोपी शादी से पहले के उनके जीवन से जुड़ी बातें उनके पति और ससुराल वालों को बताने की धमकी देते थे. इस वजह से वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं. हालांकि उन्होंने अपने पति को निर्दोष बताते हुए कहा कि उनकी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए.

कोमल के पति ने पुलिस को क्या बताया?

कोमल के पति सौरभ द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मेकअप आर्टिस्ट, ब्यूटीशियन और इवेंट आयोजक के रूप में काम करती थीं और हाल ही में जयपुर से लौटी थीं. उनके अनुसार कुछ परिचित लोग एआई से तैयार किए गए कथित वीडियो और बदली हुई तस्वीरों के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर रहे थे, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई थीं.

दोनों ने करीब साढ़े तीन वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और उनके दो छोटे बच्चे हैं. घटना के बाद सौरभ ने पत्नी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

पुलिस ने बताया कि मृतका के मोबाइल फोन से कई वीडियो बरामद किए गए हैं. इन वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.