menu-icon
India Daily

UP Weather: यूपी में बारिश का कहर, इन जिलों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 22 जुलाई को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 24 जुलाई तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP Weather: यूपी में बारिश का कहर, इन जिलों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट
Courtesy: Chatgpt

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है. भारतीय मौसम विभाग ने 22 जुलाई के लिए राज्य के सभी 75 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा मिर्जापुर में 190 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा शाहजहांपुर में 125 मिलीमीटर, सिद्धार्थनगर में 120.8 मिलीमीटर और गोरखपुर में 111 मिलीमीटर बारिश हुई. लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है. कई शहरों में मौसम सुहाना बना हुआ है.

राजधानी लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार यहां गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. लखनऊ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया?

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर पड़ने के बाद मानसूनी गतिविधियां और मजबूत हुई हैं. मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी और रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. इसी वजह से उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश हो रही है. हालांकि 23 से 25 जुलाई के बीच मानसूनी गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना भी जताई गई है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके बाद अगले तीन से चार दिनों तक कई जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है.

मौसम विभाग के अनुसार जालौन, आगरा, झांसी, ललितपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र में बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी और चंदौली में भारी बारिश की संभावना है. प्रदेश के बाकी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.