menu-icon
India Daily

नोएडा में थूक कर पिज्जा बनाने का वीडियो हुआ वायरल, कस्टमर को सर्व करने से पहले युवक ने कर दी ऐसी हरकत

नोएडा के सेक्टर-22 चौड़ा गांव स्थित एक पिज्जा दुकान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक पर पिज्जा बनाते समय थूकने का आरोप लगा है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

KanhaiyaaZee
नोएडा में थूक कर पिज्जा बनाने का वीडियो हुआ वायरल, कस्टमर को सर्व करने से पहले युवक ने कर दी ऐसी हरकत
Courtesy: Social Media (X)

नोएडा: नोएडा में एक पिज्जा दुकान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. दावा किया जा रहा है कि सेक्टर-22 चौड़ा गांव स्थित एक दुकान में पिज्जा बनाते समय युवक ने खाने में थूका. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया. मामला थाना सेक्टर-24 क्षेत्र का बताया जा रहा है. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की बात कही है.

वायरल वीडियो में एक युवक पिज्जा तैयार करता दिखाई दे रहा है. वीडियो को लेकर दावा किया गया कि युवक ने पिज्जा बनाते समय उसमें थूका. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल गया. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने खाने-पीने की दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए.

चौड़ा गांव की दुकान का बताया जा रहा मामला

जानकारी के अनुसार, वीडियो नोएडा के सेक्टर-22 स्थित चौड़ा गांव की एक पिज्जा दुकान का बताया जा रहा है. दुकान का नाम ‘पिज्जा हंट’ बताया गया है. आरोप है कि दुकान चलाने वाला युवक मुजम्मिल वीडियो में नजर आ रहा है. हालांकि वीडियो की सत्यता और उसके समय को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

वीडियो के बाद बढ़ा लोगों का आक्रोश

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी बढ़ गई. स्थानीय लोगों और कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दुकान पहुंचकर विरोध जताया. बताया जा रहा है कि आरोपित युवक को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी गई. इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव जैसी स्थिति भी देखने को मिली.

पुलिस ने शुरू की जांच

थाना सेक्टर-24 पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील भी की है.

खाद्य सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर खाने-पीने की दुकानों में साफ-सफाई और निगरानी को लेकर बहस तेज हो गई है. लोगों का कहना है कि फूड आउटलेट्स पर नियमित जांच और सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि ग्राहकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो. सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.