UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. दोनों दलों ने चुनाव से पहले गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू करने की तैयारी कर ली है. मंगलवार, 17 नवंबर को दिल्ली में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर औपचारिक चर्चा होने वाली है.
इस बातचीत में सबसे बड़ा मुद्दा कांग्रेस की 181 विधानसभा सीटों की मांग है. अब सवाल यह है कि क्या समाजवादी पार्टी कांग्रेस को इतनी सीटें देने के लिए तैयार होगी या दोनों दलों के बीच कोई नया फॉर्मूला तैयार होगा?
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है. इसमें 135 सामान्य सीटें, 45 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित और एक अनुसूचित जनजाति (ST) की सीट शामिल है. इस लिस्ट में बागपत, लोनी, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा ग्रामीण, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रायबरेली, अमेठी और कानपुर कैंट जैसी सीटें शामिल हैं.
कांग्रेस चाहती है कि गठबंधन में उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिले. हालांकि, इन सीटों पर अंतिम फैसला दोनों पार्टियों की बातचीत के बाद ही होगा.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीटों के बंटवारे को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है. उनका कहना है कि जिस विधानसभा सीट पर जिस पार्टी के जीतने की संभावना ज्यादा होगी, उसे वही सीट दी जाएगी. अखिलेश के मुताबिक, दोनों पार्टियां मिलकर हर सीट पर चर्चा करेंगी और जीत की संभावना को ध्यान में रखकर फैसला लेंगी.
इससे साफ है कि समाजवादी पार्टी केवल कांग्रेस की मांग के आधार पर सीटें देने के पक्ष में नहीं है. पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में अपनी स्थिति का आकलन करना चाहती है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की. इसमें 2027 के चुनाव की रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई. कांग्रेस ने दिसंबर के पहले सप्ताह से चुनाव प्रचार शुरू करने की योजना बनाई है. पार्टी रैलियों और यात्राओं के जरिए जनता तक पहुंचने की तैयारी कर रही है. उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी भी बनाई गई है.
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत आसान नहीं मानी जा रही है. कांग्रेस जहां 181 सीटों की मांग कर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी के कुछ नेता कांग्रेस को लगभग 60 से 70 सीटें देने के पक्ष में बताए जा रहे हैं. हालांकि, अभी तक दोनों पार्टियों के बीच सीटों की संख्या पर कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है.
बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 के आसपास होने की संभावना है. ऐसे में दोनों दलों के लिए समय रहते सीटों का बंटवारा करना जरूरी होगा, ताकि उम्मीदवारों और चुनाव प्रचार की तैयारी की जा सके.