menu-icon
India Daily

'वो बेवफा कई घर बर्बाद करेगी...', इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ने किया सुसाइड; लव-अफेयर में दी जान

गोरखपुर में एक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ने कॉलेज परिसर में फंदा लगाकर जान दे दी. मौत से पहले उन्होंने वीडियो और सुसाइड नोट जारी कर प्रेमिका और उसके परिवार पर मानसिक प्रताड़ना और शादी से मुकरने का आरोप लगाया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
'वो बेवफा कई घर बर्बाद करेगी...', इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ने किया सुसाइड; लव-अफेयर में दी जान
Courtesy: X

गोरखपुर के चौरीचौरा इलाके में रविवार सुबह सनसनी फैल गई. एक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल का शव कॉलेज के कमरे में फंदे से लटका मिला. 30 वर्षीय धीरज सिंह ने मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया और सुसाइड नोट भी लिखा. उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड और उसके परिवार को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

प्यार बना मौत का कारण

पुलिस जांच में सामने आया कि धीरज सिंह का उसी कॉलेज में पढ़ाने वाली एक शिक्षिका के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था. दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी और शुरुआती सहमति बन गई थी. परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले लड़की और उसके परिवार ने अचानक शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद धीरज मानसिक तनाव में रहने लगे थे. सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि युवती लगातार शादी का भरोसा देकर संबंध बनाती रही और बाद में दूरी बना ली. उनका आरोप हैं कि उन्हें आत्महत्या करने के लिए उकसाया जा रहा था और लगातार धमकियां दी जा रही थी.

कमरे में मिला शव

रविवार सुबह धीरज काफी देर तक घर नहीं लौटे. फिर उनके छोटे भाई सत्यप्रकाश उन्हें देखने कॉलेज पहुंचे. काफी आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दरवाजा तोड़ा गया. अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए. धीरज का शव पंखे से लटका हुआ था. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला. परिवार ने बताया कि मौत से पहले धीरज ने एक वीडियो बनाकर उसे अपने व्हाट्सएप स्टेट्स पर भी लगाया था.

पुलिस का बयान

घटना की सूचना मिलते ही चौरीचौरा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. कमरे की जांच की गई और डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए गए. सुसाइड नोट में एक महिला और उसके परिवार का जिक्र किया गया है. धीरज के परिजनों का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थी. परिवार ने आरोप लगाया कि लड़की पक्ष ने न सिर्फ शादी से इनकार किया, बल्कि पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की भी धमकी दी थी.