menu-icon
India Daily

यूपी में झमाझम बारिश, प्रयागराज में बाढ़ जैसे हालात; 20-21 अगस्त को फिर भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में बुधवार को तेज बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, लेकिन कई शहरों में सड़कें पानी में डूब गईं. मौसम विभाग ने 20 और 21 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
यूपी में झमाझम बारिश, प्रयागराज में बाढ़ जैसे हालात; 20-21 अगस्त को फिर भारी बारिश का अलर्ट
Courtesy: ANI

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था. आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश का इंतजार बना हुआ था. बुधवार को सुबह से दोपहर तक भी मौसम लगभग ऐसा ही रहा, लेकिन करीब दो बजे के बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई.

पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे इलाकों में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला. कई जगह करीब एक घंटे तक लगातार बारिश हुई. इसके बाद करीब आधे घंटे का अंतराल आया और फिर दोबारा बारिश शुरू हो गई, जो शाम तक जारी रही. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी अचानक तेज बारिश दर्ज की गई.

प्रयागराज में सड़कों पर दो फुट तक पानी

भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर प्रयागराज में दिखाई दिया. शहर की कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं. कुछ स्थानों पर सड़कों पर करीब दो फुट तक पानी भर गया, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई और कई वाहन रास्ते में ही बंद हो गए. बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए. गांवों और खेतों में भी बड़े पैमाने पर जलभराव हुआ. सड़कों पर लंबे जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. जलभराव के चलते स्थानीय कारोबार भी प्रभावित हुआ.

प्रयागराज में 119.8 मिमी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक प्रयागराज में 119.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. बारा क्षेत्र में 99 मिमी बारिश हुई, जबकि फाफामऊ में 86.8 मिमी, करछना में 77 मिमी और छतनाग में 73.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. मंगलवार की मध्यरात्रि से शुरू हुई मूसलाधार बारिश बुधवार को भी जारी रही. दोपहर में कुछ देर के लिए फिर बारिश हुई और शाम करीब पांच बजे तक आसमान में इतना अंधेरा छा गया कि दिन में ही रात जैसा नजारा दिखाई देने लगा.

बारिश के बावजूद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. बारिश के बाद रात में हल्की ठंडक जरूर महसूस हुई, लेकिन दिन में उमस बनी रही. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है. 20 और 21 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.