देश के कई हिस्सों में मानसून की तेज गतिविधियों के बीच मौसम विभाग ने 20 अगस्त को 15 राज्यों के लिए खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग की ओर से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और असम में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
मौसम में इस बदलाव की एक प्रमुख वजह उत्तरी झारखंड और उसके आसपास बना अवदाब है. इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर 20 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है.
राजधानी दिल्ली में 20 अगस्त को कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है. इस दौरान हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, मथुरा, मुजफ्फरनगर, आगरा, चित्रकूट, बांदा,झांसी, ललितपुर, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है.
बिहार में पटना, सिवान, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, मुंगेर, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पलामू, धनबाद और हजारीबाग में भी तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम, अनंतनाग, कठुआ, जम्मू और रियासी में बारिश तथा गरज-चमक की संभावना है. लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.