menu-icon
India Daily

कश्मीर पर अमेरिकी राजदूत का बड़ा बयान, भड़का पाकिस्तान; US दूत को किया तलब

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताने पर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई. इस टिप्पणी के विरोध में इस्लामाबाद ने अमेरिकी प्रभारी राजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया.

KanhaiyaaZee
कश्मीर पर अमेरिकी राजदूत का बड़ा बयान, भड़का पाकिस्तान; US दूत को किया तलब
Courtesy: X

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर को लेकर अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर की टिप्पणी ने पाकिस्तान को नाराज कर दिया है. गोर ने श्रीनगर दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया. इसके बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रभारी राजदूत को तलब किया और टिप्पणी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया. पाकिस्तान ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर से जुड़ी अपनी आपत्तियां भी सामने रखीं.

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि अमेरिकी दूतावास के प्रभारी राजदूत को तलब किया गया. मंत्रालय के मुताबिक, सर्जियो गोर की टिप्पणी के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है. पाकिस्तान ने गोर के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया और दावा किया कि जम्मू-कश्मीर का अंतिम निर्धारण संबंधित संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप होना बाकी है.

श्रीनगर में गोर ने क्या कहा?

सर्जियो गोर पहली बार जम्मू-कश्मीर पहुंचे थे. श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया. उन्होंने क्षेत्र की खूबसूरती की तारीफ करते हुए कहा कि यहां आकर वह काफी उत्साहित हैं. गोर ने मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक को अच्छा और सौहार्दपूर्ण बताया तथा कहा कि बातचीत से जुड़े कुछ मुद्दे वह आगे वॉशिंगटन तक ले जाएंगे.

यात्रा सलाह पर भी दिया संकेत

अमेरिकी राजदूत ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका समय-समय पर अपनी यात्रा चेतावनियों की समीक्षा करता है. गोर ने स्पष्ट घोषणा से बचते हुए संकेत दिया कि जम्मू-कश्मीर के लिए जारी यात्रा चेतावनी को कम करने पर विचार किया जा सकता है. फिलहाल अमेरिका ने क्षेत्र के लिए अपने नागरिकों को लेवल-4 की ‘यात्रा न करें’ वाली सलाह दे रखी है.

उमर अब्दुल्ला से हुई अहम मुलाकात

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी गोर के साथ हुई बातचीत को बेहद अच्छा बताया. उन्होंने कहा कि बैठक में जम्मू-कश्मीर और अमेरिका के बीच संबंधों को व्यापक और मजबूत बनाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई. बातचीत में पर्यटन, बागवानी और नई अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया. दोनों पक्षों ने आपसी संपर्क और भविष्य की संभावनाओं को लेकर विचार साझा किए.

बयान के बाद बढ़ा कूटनीतिक तनाव

गोर के बयान के बाद पाकिस्तान की प्रतिक्रिया सामने आई. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने दावा किया कि अमेरिकी राजदूत की टिप्पणी उसकी उस धारणा के विपरीत है, जिसे वह अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर से जोड़ता है. हालांकि, गोर का श्रीनगर दौरा और उनकी टिप्पणी भारत के साथ अमेरिकी संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अब इस मुद्दे पर पाकिस्तान की आपत्ति के बाद कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है.