menu-icon
India Daily

बांग्लादेश में आवामी लीग के आंदोलन से बढ़ा तनाव, 27 और 28 नवंबर को रहेगा फुल लॉकडाउन!

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को प्रस्तावित वापसी से राजनीतिक तनाव बढ़ गया है. उनकी पार्टी आवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बांग्लादेश में आवामी लीग के आंदोलन से बढ़ा तनाव, 27 और 28 नवंबर को रहेगा फुल लॉकडाउन!
Courtesy: Pinterest

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है. उनकी पार्टी आवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है. पार्टी ने सरकार के सामने आठ सूत्रीय मांगें भी रखी हैं. 

इनमें आवामी लीग पर लगा प्रतिबंध हटाने, शेख हसीना और पार्टी नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा राजनीतिक बंदियों को रिहा करने जैसी मांगें शामिल हैं. इस बीच देश के कई हिस्सों में हिंसा, हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं.

शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बढ़ा सियासी तनाव

बांग्लादेश में आवामी लीग ने शेख हसीना की वापसी को लेकर अपना आंदोलन तेज कर दिया है. मंगलवार को पार्टी की ओर से कई जगहों पर मशाल जुलूस निकाले गए. इसके साथ ही बुधवार से प्रदर्शन और तेज करने का ऐलान किया गया है. शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के अवसर पर स्वदेश लौटने की घोषणा की है. उनकी इस घोषणा के बाद देश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. आवामी लीग के कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और पार्टी पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने की मांग कर रहे हैं.

जमात-ए-इस्लामी प्रमुख भी लौट रहे बांग्लादेश

बांग्लादेश में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान भी अपना ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया का दौरा छोटा करके वापस लौट रहे हैं. बताया जा रहा है कि वह शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी और देश में बढ़ते तनाव को लेकर प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात करेंगे. इस बीच आवामी लीग ने अपनी आठ मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की तैयारी की है.

क्या हैं आवामी लीग की 8 प्रमुख मांगें?

आवामी लीग ने सरकार के सामने आठ सूत्रीय मांगें रखी हैं. पार्टी की मांग है कि शेख हसीना और उसके नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाए. साथ ही राजनीतिक रूप से प्रेरित फैसलों को रद्द किया जाए.

  1. शेख हसीना और आवामी लीग के नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और राजनीतिक फैसलों को रद्द किया जाए.
  2. आवामी लीग पर लगाया गया प्रतिबंध हटाया जाए और पार्टी को दोबारा राजनीतिक गतिविधियां करने की अनुमति दी जाए.
  3. राजनीतिक बंदियों को रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे समाप्त किए जाएं.
  4. देश में बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण किया जाए. बिजली, गैस, पानी, ईंधन, खाद और जरूरी वस्तुओं की कीमतें कम की जाएं.
  5. बंद पड़े उद्योगों और कारखानों को दोबारा शुरू किया जाए तथा बेरोजगार श्रमिकों को रोजगार दिया जाए.
  6. नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. हत्या, बलात्कार, जबरन वसूली और लूटपाट जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जाए. महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की जाए.
  7. सैन्य और नागरिक अधिकारियों तथा पत्रकारों के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं. अभिव्यक्ति और प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जाए.
  8. उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा जेल से रिहा किए गए आतंकियों और उग्रवादियों को दोबारा गिरफ्तार किया जाए.

बांग्लादेश में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसा की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में उनकी पार्टी आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को हमला किया गया. इसके अलावा कई दुकानों में तोड़फोड़ की गई. रिपोर्ट के मुताबिक, गोपालगंज में करीब 12 दुकानों को निशाना बनाया गया. क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित फूलों की दुकानों पर भी हमले किए गए.