menu-icon
India Daily

UP Weather Update: यूपी वासियों को बारिश से मिली राहत, लेकिन अब बढ़ेगी उमस; अगले सप्ताह चढ़ेगा तापमान का पारा

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार मौसम में बदलाव हो रहे हैं. कभी तेज धूप तो कभी आंधी और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है. शनिवार को राजधानी लखनऊ में भी मौसम का बदला हुआ रूप देखने को मिला.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
UP Weather Update: यूपी वासियों को बारिश से मिली राहत, लेकिन अब बढ़ेगी उमस; अगले सप्ताह चढ़ेगा तापमान का पारा
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार मौसम में बदलाव हो रहे हैं. कभी तेज धूप तो कभी आंधी और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है. शनिवार को राजधानी लखनऊ में भी मौसम का बदला हुआ रूप देखने को मिला, जब सुबह धूप निकलने के कुछ ही समय बाद आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है.

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश और आंधी का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा. इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी और उमस का दौर शुरू होगा. अनुमान है कि रविवार से अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. हालांकि लू का प्रभाव फिलहाल सीमित जिलों में ही देखने को मिलेगा.

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

शनिवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. कानपुर में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि ललितपुर, सीतापुर, मथुरा और फर्रुखाबाद जैसे जिलों में भी अच्छी बारिश देखने को मिली. लखनऊ में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट महसूस की गई.

इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार के लिए कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

तापमान में आएगी बढ़ोतरी

बारिश के बावजूद मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में गर्मी फिर से अपना असर दिखाएगी. लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान भी बढ़ सकता है, जिससे रात के समय उमस महसूस होगी.

50 से ज्यादा जिलों में दिखा असर

हालिया बारिश और आंधी का असर प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों में देखने को मिला है. कई स्थानों पर दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई. लगभग 40 जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिली.