लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश, गरज चमक और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार, 17 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. बारिश के कारण अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिल सकती है.
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को कई इलाकों में रुक रुककर बारिश हुई. सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और बीच बीच में हल्की बारिश होती रही. बारिश के कारण मौसम में ठंडक आई और लोगों को उमस से कुछ राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को लखनऊ में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के कारण मौसम सुहाना रहा. करीब 45 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया.
शनिवार को बांदा, चित्रकूट, सोनभद्र, मिर्जापुर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और महोबा समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों के अलावा कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और वाराणसी समेत करीब 40 जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. गरज चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर आगे जारी रह सकता है. बारिश का प्रभाव 19 अगस्त तक बने रहने की संभावना जताई गई है. लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट के साथ जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं.
शुक्रवार को सीतापुर में सबसे अधिक 124.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके बाद गोरखपुर में 101.8 मिलीमीटर, मुरादाबाद में 89.2 मिलीमीटर, कन्नौज में 81.8 मिलीमीटर, मिर्जापुर में 77 मिलीमीटर और लखनऊ में 48.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
मौसम विभाग के अलर्ट के बीच लोगों को तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों और आम लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की जरूरत है. आने वाले दिनों में बारिश का असर प्रदेश के तापमान और जनजीवन पर साफ दिखाई दे सकता है.