menu-icon
India Daily

इसकी हिम्मत मुझे काटेगा... कोबरा को मारकर दांत से काटने लगा युवक, सांप ने 3 बार डसा था; VIDEO VIRAL

बाराबंकी में शराब के नशे में एक युवक कोबरा से भिड़ गया. सांप ने उसे तीन बार डसा, फिर भी उसने उसे नहीं छोड़ा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
इसकी हिम्मत मुझे काटेगा... कोबरा को मारकर दांत से काटने लगा युवक, सांप ने 3 बार डसा था; VIDEO VIRAL
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से सांप और एक युवक से जुड़ी हैरान करने वाली घटना सामने आई है. शराब के नशे में एक युवक कोबरा पकड़ने लगा. सांप ने उसे तीन बार डसा. इसके बाद वो पीछे नहीं हटा. उसने सांप को मार दिया और काफी देर तक उसे हाथ में लेकर घूमता रहा.

पड़ोसी के घर निकला कोबर

घटना मोहम्मदपुर खाला इलाके के बैरानामऊ मंझारी गांव की है. गुरुवार रात करीब आठ बजे एक घर में कोबरा दिखाई दिया. संजय नाम का 35 वर्षीय युवक उस समय शराब के नशे में था और सांप को पकड़ने की कोशिश करने लगा. यह कोबरा उसके पड़ोस में निकला था. सांप ने उसे तीन बार डसा लेकिन वह उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ. उसने सांप को पकड़कर डंडे से मार दिया. इसके बाद भी मामला खत्म नहीं हुआ. संजय मरे हुए सांप को हाथ में लेकर गांव में घूमता रहा. इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और ग्रामीण उसे अस्पताल जाने के लिए समझाते रहे.

सांप को दांत से काटने की भी कोशिश की

घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसमें संजय के परिजन और कुछ ग्रामीण उसके हाथ से सांप छुड़ाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. युवक लगातार सांप को पकड़े हुए था और गुस्से में कह रहा था कि सांप की इतनी हिम्मत कैसे हुई कि वह उसे काटे. ग्रामीणों ने बताया कि संजय ने मरे हुए सांप को दांत से काटने की कोशिश भी की. कुछ लोग एक तरफ से सांप को खींच रहे थे. वहीं संजय दूसरी तरफ से उसे पकड़े हुए था. काफी कोशिश के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे शांत कराया. ग्रामीणों के मुताबिक सांप करीब साढ़े तीन फीट लंबा था और उसे कोबरा बताया गया.

अस्पताल पहुंचने में हुई देरी

सांप के काटने के करीब एक घंटे बाद ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद युवक को उसके परिवार के साथ सीएचसी सूरतगंज ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसे एंटी वेनम इंजेक्शन दिया और ग्लूकोज चढ़ाया. इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई, जिसके बाद उसे घर भेज दिया गया. सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजर्षि त्रिपाठी ने कहा कि सांप के काटने के बाद ऐसी हरकत बिल्कुल नहीं करनी चाहिए. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि सांप के काटने पर बिना समय गंवाए तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए. ग्रामीणों के अनुसार, घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई. युवक के परिवार में उसके माता-पिता, मां, बहन और दो बच्चे हैं.