लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों तक लगातार सक्रिय रहा मानसून अब कुछ दिनों के लिए धीमा पड़ता नजर आ रहा है. बुधवार को लखनऊ समेत कई जिलों में बादल तो छाए रहे, लेकिन बारिश की गतिविधियां पहले की तुलना में कम रहीं. इससे दिन के तापमान में हल्का बदलाव भी दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में 25 जुलाई तक मानसूनी गतिविधियां सीमित रह सकती हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि 26 जुलाई से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और कई जिलों में झमाझम बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है.
बुधवार को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था. मौसम में नमी बनी रहने से उमस का असर भी महसूस किया गया.
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की भी संभावना है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जबकि अधिकांश इलाकों में मौसम सामान्य बना रहेगा.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है. इसी सिस्टम के प्रभाव से पिछले तीन-चार दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई थी. इसके कमजोर होने के बाद मानसून की सक्रियता में फिलहाल कमी देखने को मिल रही है.
आईएमडी का अनुमान है कि 23 से 25 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. हालांकि इस अवधि में व्यापक और लगातार भारी बारिश की संभावना कम बताई गई है. अधिकांश क्षेत्रों में बादल और रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला बना रह सकता है.
मौसम विभाग का कहना है कि 26 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है. इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. यदि मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं, तो जुलाई के अंतिम सप्ताह में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.