menu-icon
India Daily

UP Weather Today, 13 June: UP में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने इतने जिले में जारी की तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार, शनिवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ सहित 22 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
UP Weather Today, 13 June: UP में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने इतने जिले में जारी की तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
Courtesy: ANI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा है. सुबह के समय चल रही ठंडी हवाएं लोगों को गर्मी से राहत दे रही हैं, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप और उमस फिर से परेशान करने लगती है. ऐसे में मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी ने लोगों को राहत की उम्मीद दी है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और गरज चमक के साथ मौसम के अचानक बदलने की संभावना जताई गई है.

IMD के अनुसार, शनिवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ सहित 22 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

कई जिलों में बारिश से मिलेगी राहत

लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में बादल गरजने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. मौसम में इस बदलाव के कारण दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

पश्चिमी यूपी में तेज आंधी का खतरा

दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है. मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा और आगरा जैसे क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज चमक और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

कानपुर के लिए विशेष चेतावनी

मौसम विभाग ने कानपुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. यहां तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती है. प्रशासन को भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.

मानसून की एंट्री का इंतजार जल्द होगा खत्म

दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 18 से 22 जून के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है. इसके बाद 25 जून तक मध्य यूपी और जून के अंतिम सप्ताह में पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक मानसून पहुंचने की संभावना है. मानसून के आगमन से राज्य में गर्मी का प्रभाव काफी हद तक कम हो सकता है.