menu-icon
India Daily

UP Weather: बादलों ने बदला यूपी में मौसम का मिजाज, इन जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश के लगभग 65 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. 30 जिलों में गरज चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP Weather: बादलों ने बदला यूपी में मौसम का मिजाज, इन जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
Courtesy: Pinterest (Representative image)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है. सोमवार को गाजियाबाद, मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जबकि पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में भी बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर बना रहा. मौसम विभाग ने लखनऊ समेत करीब 65 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही लगभग 30 जिलों के लिए गरज चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है.

मौसम विभाग के अनुसार मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर सहित 14 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

प्रदेश में अब तक मानसून के दौरान अधिकांश जिलों में सामान्य बारिश दर्ज की गई है. आंकड़ों के अनुसार 29 जिलों में सामान्य बारिश हुई है, जबकि 10 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है. वहीं 21 जिलों में अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

किन जिलों में जारी किया गया अलर्ट?

जिन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है उनमें महाराजगंज, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, कुशीनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, देवरिया, हाथरस, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज सहित कई जिले शामिल हैं. इन इलाकों में तेज हवा, गरज चमक और कहीं कहीं भारी बारिश हो सकती है.

कितना रहेगा तापमान?

राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हालांकि लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय मौसम तंत्र मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच चुका है, जिसका असर उत्तर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है. इसी वजह से प्रदेश के पूर्वी से लेकर पश्चिमी हिस्सों तक अच्छी बारिश हो रही है. हालांकि 15 जुलाई से मानसून कमजोर पड़ने की संभावना है. इसके बाद तीन से चार दिनों तक उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.