menu-icon
India Daily

Shiva Sharma Case: नागपुर में श्रद्धा दुबे को किसने दिया पनाह का भरोसा? सामने आया Z गैंग कनेक्शन

लखनऊ के कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार श्रद्धा दुबे का कथित Z गैंग कनेक्शन सामने आया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Shiva Sharma Case: नागपुर में श्रद्धा दुबे को किसने दिया पनाह का भरोसा? सामने आया Z गैंग कनेक्शन
Courtesy: ANI

Shiva Sharma Case: लखनऊ के कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब एक नया खुलासा हुआ है. श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की गिरफ्तारी के बाद श्रद्धा का नागपुर कनेक्शन सामने आया है. पुलिस सूत्रों का दावा है कि कथित Z गैंग ने नागपुर में श्रद्धा को संरक्षण देने का भरोसा दिया था. गैंग ने उसे नागपुर के पास एक फार्म हाउस में ठहराने के लिए बुलाया था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर ली.

फार्म हाउस में शिफ्ट होने से पहले ही पूरा खेल बिगड़ गया. यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने श्रद्धा को बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के साथ महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई घटना के 11 दिन बाद हुई. इतने दिनों तक आरोपी पुलिस को चकमा देते रहे. अब इस मामले में नए खुलासे सामने आ रहे हैं.

11 दिन तक बदलते रहे ठिकाने

वारदात के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे. पुलिस जांच में सामने आया कि वे नेपाल बॉर्डर तक भी गए. इसके बाद पुलिस को चकमा देते हुए वे आगरा के रास्ते नागपुर पहुंचे और वहीं छिपे रहे. हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तारी से ठीक पहले श्रद्धा लखनऊ आकर मीडिया के सामने भी आई थी. इसके बाद ही गिरफ्तारी की कार्रवाई हुई.

कौन है कथित गैंग का सरगना

जुल्फिकार मोहसिन को कथित Z गैंग का सरगना बताया जा रहा है. इस गैंग पर मुंबई के पश्चिमी उपनगर में कारोबारी को धमकाने, रंगदारी और हिंसा जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं. जुलाई में एक बिल्डर से 25 लाख रुपये की रंगदारी के मामले में जुल्फिकार मोहसिन समेत 12 लोग गिरफ्तार हुए थे. अगस्त में इस मामले में मकोका भी लगाया गया.

ड्रग्स और तस्करी के आरोप

सूत्रों का दावा है कि गैंग के तार ड्रग्स और तस्करी से भी जुड़े हैं. रेव और पेज-3 पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई के आरोप भी इस गिरोह पर लगे हैं. सूत्रों के मुताबिक नेटवर्क की गतिविधियों को लेकर पुलिस के पास अहम सबूत होने का दावा किया जा रहा है. ये सभी बातें फिलहाल पुलिस सूत्रों के दावों पर आधारित हैं.

फेसटाइम और तीन आईफोन

श्रद्धा और गैंग के सदस्य कथित तौर पर FaceTime के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे. श्रद्धा के पास से तीन आईफोन बरामद किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. इन्हीं संपर्कों को लेकर सूत्रों के हवाले से कई दावे किए जा रहे हैं, जिनकी पुष्टि जांच में होनी बाकी है.

9 अक्टूबर की वह घटना

9 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. मृतक के परिवार ने श्रद्धा दुबे पर हत्या, मारपीट और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया. ये आरोप जांच के दायरे में हैं.