उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास से जुड़ने का संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है और यदि युवा नए कौशल सीखेंगे तो उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के नए मुकाम तक पहुंचेगा. मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा संदेश में कहा कि पारंपरिक हुनर और आधुनिक तकनीक के मेल से प्रदेश को नई पहचान मिली है और आने वाले समय में इसका लाभ हर क्षेत्र को मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ सालों में सरकार ने कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को नई दिशा दी है. उनका मानना है कि प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर भी बनाएगी. उन्होंने कहा कि कौशल आधारित विकास भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत है.
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 20, 2026
देश की सर्वाधिक युवा शक्ति वाला अपना प्रदेश कौशल से जुड़कर न केवल विकसित उत्तर प्रदेश, अपितु वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के निर्माण का पथ भी प्रशस्त करेगा।
पारंपरिक कौशल एवं आधुनिक तकनीक के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए सरकार ने विगत 9 वर्षों में… pic.twitter.com/zgOgWx1KJ0
CM योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है. राज्य तेजी से सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे आधुनिक क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है. उन्होंने इसे प्रदेश की बदलती आर्थिक तस्वीर का महत्वपूर्ण संकेत बताया.
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे कम से कम एक नया कौशल जरूर सीखें. उनका कहना है कि इससे न केवल व्यक्तिगत विकास होगा बल्कि समाज और प्रदेश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकेगा. उन्होंने युवाओं को बदलते समय के अनुसार खुद को तैयार करने की सलाह दी.
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि कौशल ही आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव है. यही स्वाभिमान को मजबूती देता है और विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा.