menu-icon
India Daily

यूपी सरकार का बड़ा तोहफा, सरकारी कर्मचारियों के भत्तों में 50 से 400 प्रतिशत तक बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए कई भत्तों में 50 से 400 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है. वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं और संबंधित विभागों के आदेश जारी होने की तिथि से नई दरें लागू होंगी.

babli
Edited By: Babli Rautela
यूपी सरकार का बड़ा तोहफा, सरकारी कर्मचारियों के भत्तों में 50 से 400 प्रतिशत तक बढ़ोतरी
Courtesy: AI

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लिया है. वित्त विभाग ने वेतन समिति 2016 की सिफारिशों और मुख्य सचिव समिति की संस्तुतियों के आधार पर विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी का आदेश जारी कर दिया है. नई व्यवस्था के तहत कई भत्तों में 50 प्रतिशत से लेकर 400 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है. सरकार के अनुसार संशोधित भत्ते संबंधित विभागों द्वारा आदेश जारी किए जाने की तिथि से प्रभावी होंगे.

इन भत्तों में हुई बढ़ोतरी

सरकार ने वर्दी भत्ता, वर्दी नवीनीकरण भत्ता, वर्दी धुलाई भत्ता, प्रोत्साहन भत्ता, यात्रा प्रतिपूर्ति और विशेष भत्ते की दरों में संशोधन किया है. इस फैसले से पुलिस, चिकित्सा, आबकारी, न्यायालय, कारागार और अन्य कई विभागों के कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा. आबकारी विभाग में विभिन्न पदों के लिए वर्दी भत्ते को 7500 रुपये से बढ़ाकर 11250 रुपये, 3000 रुपये से 4500 रुपये और 1400 रुपये से 2100 रुपये कर दिया गया है. इसी तरह वर्दी नवीनीकरण भत्ते को भी 6400 रुपये से बढ़ाकर 9600 रुपये, 3000 रुपये से 4500 रुपये और 1400 रुपये से 2100 रुपये कर दिया गया है.

चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों को भी फायदा

चिकित्सा शिक्षा विभाग में छात्र नर्स से लेकर मैट्रन स्तर तक वर्दी और वर्दी नवीनीकरण भत्ता 2500 रुपये से बढ़ाकर 4500 रुपये कर दिया गया है. वहीं वर्दी धुलाई भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये किया गया है. चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक विभाग के उपचारिका संवर्ग के कर्मचारियों को भी संशोधित भत्तों का लाभ मिलेगा.

कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग में वर्दी भत्ता 7500 रुपये से बढ़ाकर 11250 रुपये और 3000 रुपये से बढ़ाकर 4500 रुपये किया गया है. वर्दी नवीनीकरण भत्ता भी 6400 रुपये से 9600 रुपये और 3000 रुपये से 4500 रुपये कर दिया गया है. अधीनस्थ न्यायालयों के गैर न्यायिक कर्मचारियों के यात्रा प्रतिपूर्ति और विशेष भत्तों में भी तीन गुना तक बढ़ोतरी की गई है. इसके अलावा पेशकार और स्टेनोग्राफर के लिए वर्दी और वर्दी नवीनीकरण भत्ता 4500 रुपये निर्धारित किया गया है.

पीएसी और पुलिस मुख्यालय भत्ते में बड़ा इजाफा

गृह विभाग के तहत पीएसी कर्मचारियों के मासिक भत्तों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है. विभिन्न श्रेणियों में पीएसी भत्ता 1600 रुपये से बढ़ाकर 2700 रुपये, 600 रुपये से 1000 रुपये, 400 रुपये से 700 रुपये, 250 रुपये से 450 रुपये, 200 रुपये से 350 रुपये, 150 रुपये से 260 रुपये और 100 रुपये से 200 रुपये कर दिया गया है. इसके अलावा पुलिस मुख्यालय भत्ता 800 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये कर दिया गया है. पीएसी की कमांडो कंपनियों में तैनात कर्मियों के प्रोत्साहन भत्ते में भी चार गुना तक बढ़ोतरी की गई है.