महंगाई के इस दौर में योगी सरकार के एक फैसले ने उत्तर प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है. प्रदेश सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 2% की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. सीएम के निर्देश पर इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जिसका सीधा फायदा जून में मिलने वाली सैलरी और पेंशन में दिखाई देगा. इस बढ़ोतरी के साथ कुल डीए 58 से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है.
सरकार के इस फैसले का फायदा राज्य के लगभग 16 लाख कर्मचारी और पेंशनर्स को होगा. वित्त विभाग की ओर से से अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कुमार ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया है. बढ़ा हुआ भत्ता एक जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा. राज्य में महंगाई भत्ता बढ़ाने का फैसला केंद्र सरकार के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के आदेश के बाद लिया गया है.
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने मुख्यमंत्री से बीते दिनों दो प्रतिशत की बढ़ी हुई दर से महंगाई भत्ता व महंगाई राहत (DA/DR) देने का आदेश तत्काल प्रभाव से जारी करने का अनुरोध किया था. सीएम को लिए ईमेल में उन्होंने लिखा कि यूपी देश का पहला राज्य है जो सबसे पहले अपने कर्मचारियों व पेंशनर्स को महंगाई भत्ता व महंगाई राहत दे रहा है. केंद्र सरकार ने एक जनवरी से बढ़ी दर से महंगाई भत्ता व महंगाई राहत दिए जाने का आदेश जारी कर दिया है.
सरकार ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि डीए में बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. यानी कर्मचारियों की सिर्फ अगले महीने की सैलरी ही नहीं बढ़ेगी बल्कि उन्हें पिछले महिनों के एरियर का भी लाभ मिलेगा. जनवरी से अप्रैल तक यानी चार महीनों का एरियर कर्मचारियों के जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) खाते में जमा किया जाएगा. वहीं मई 2026 से 60 फीसदी डीए सीधे उनकी सैलरी में जोड़ा जाएगा.