menu-icon
India Daily

सिर तालाब में फेंका, धड़ बक्से में रख ट्रेन में छोड़ा; हिंदू लड़के से बात करने पर बाप ने बेटी को 6 हिस्सों में काटा

हिंदू लड़के से बात करने पर मुस्लिम बाप ने अपनी 16 साल की मासूम बेटी को 6 भागों में काटकर मौत के घाट उतार दिया. लखनऊ स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन में मिले लाश के टुकड़ों से इलाके में हड़कंप मच गया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
सिर तालाब में फेंका, धड़ बक्से में रख ट्रेन में छोड़ा; हिंदू लड़के से बात करने पर बाप ने बेटी को 6 हिस्सों में काटा
Courtesy: @Asifansari9410

लखनऊ: उत्तर प्रदेश से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. लखनऊ रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के अंदर एक नाबालिग लड़की के कटे हुए अंग मिलने से हड़कंप मच गया है. पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई है वह और भी खौफनाक है.

दअसरल 16 साल की इस लड़की की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके सगे बाप ने ही की है. आरोपी पिता को शक था कि उसकी बेटी फोन पर किसी हिंदू लड़के से बात करती है. इसी बात से नाराज होकर उसने बेटी को मौत के घाट उतार दिया और पकड़े जाने के डर से लाश के टुकड़े-टुकड़े कर उन्हें ट्रेन में छिपा दिया.

लखनऊ स्टेशन पर ट्रेन में मिले शव के टुकड़े

यह पूरी घटना तब सामने आई जब छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस लखनऊ स्टेशन पहुंची. ट्रेन के एक स्लीपर कोच में रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों ने एक लावारिस बॉक्स, एक बैग और कुछ प्लास्टिक के पैकेट देखे. शुरुआत में सबको लगा कि कोई यात्री अपना सामान भूल गया है. लेकिन जब उस बक्से को खोला गया तो वहां मौजूद लोगों के होश फाक्ता हो गए. बक्से के अंदर लड़की का धड़ रखा था जबकि उसके हाथ और पैर अलग से बैग और प्लास्टिक के पैकेट्स में बंद थे. इस भयानक मंजर को देखकर स्टेशन पर अफरातफरी और डर का माहौल हो गया.

पुलिस ने तत्काल शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी. रेलवे स्टेशन और ट्रेन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसी दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका कुशीनगर जिले के सेवरही इलाके की रहने वाली थी और उसकी उम्र सिर्फ 16 साल थी. कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस का शक सीधे लड़की के पिता पर गया जिसकी पहचान बिगन अंसारी के रूप में हुई है.

पूछताछ में खुली पूरी कहानी

पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया कि पिता अपनी बेटी से बेहद नाराज था क्योंकि उसे लगता था कि लड़की किसी हिंदू लड़के के संपर्क में है. उसने अपनी बेटी को कई बार इसके लिए टोकने के साथ-साथ गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी. जांच में यह बात भी सामने आई कि परिवार की बड़ी बेटी ने पहले ही एक हिंदू लड़के से शादी कर ली थी. इस वजह से पिता पर समाज में बदनामी का बहुत ज्यादा दबाव और डर था. पुलिस का मानना है कि यह मर्डर गुस्से में अचानक नहीं किया गया बल्कि इसकी पूरी प्लानिंग पहले से ही की गई थी.

प्लानिंग के तहत दिया वारदात को अंजाम

अधिकारियों के मुताबिक इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने से कुछ दिन पहले आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटों को रिश्तेदारों के घर भेज दिया था ताकि घर पूरी तरह खाली रहे. इसके बाद उसने अपनी बहन और बहनोई को घर बुलाया और सबने मिलकर उस मासूम लड़की की जान ले ली. हत्या के बाद लाश को छुपाने के लिए उसे छह टुकड़ों में काटा गया. पुलिस ने बताया कि लड़की का सिर गांव के ही एक तालाब में फेंक दिया गया थ जबकि बाकी के अंगों को अलग-अलग पैक किया गया क्योंकि बक्सा छोटा था और उसमें पूरी लाश नहीं आ पा रही थी.

ई-रिक्शा में लादकर लाया था लाश

इसके बाद आरोपी बक्से और बैग को एक ई-रिक्शा में लादकर तमकुही रोड रेलवे स्टेशन ले गया और वहां ट्रेन के स्लीपर कोच में रख दिया. उसका प्लान था कि यात्रियों की भीड़ में यह लावारिस सामान छूट जाएगा और वह हमेशा के लिए बच निकलेगा. लेकिन लावारिस बक्से पर लोगों को शक हो गया और इस दर्दनाक जुर्म का पर्दाफाश हो गया.

सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और आखिरकार मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने तालाब से लड़की का सिर भी बरामद कर लिया है जबकि इस केस में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच अभी जारी है. इस ऑनर किलिंग के मामले ने पूरे प्रदेश को सन्न कर दिया है.