UP By-election: उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा शुरू कर दी है. समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ 'एक हाथ से दो, दूसरे हाथ से लो' का फार्मूला अपनाने की योजना बना रही है, जिसके अनुसार वो उत्तर प्रदेश की सीटों के बदले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महा विकास अघाड़ी से 10 से 12 सीटों की मांग करेगी.
सूत्रों के मुताबिक, इसके अलावा समाजवादी पार्टी हरियाणा में कांग्रेस से पांच सीटें भी मांग सकती है. इन सबके बदले में कांग्रेस को यूपी उपचुनाव में दो विधानसभा सीटें मिल सकती हैं. चुनाव आयोग ने हरियाणा और महाराष्ट्र के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पहले ही कर दी है. हालांकि उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए तारीखों का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है.
सूत्रों के मुताबिक, अगर महाराष्ट्र और हरियाणा में समाजवादी पार्टी के सीट बंटवारे के फार्मूले पर कांग्रेस सहमत हो जाती है तो समाजवादी पार्टी बदले में कांग्रेस को गाजियाबाद की मझवा विधानसभा सीट और मिर्जापुर सीट देने पर विचार कर सकती है.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के मुताबिक, कांग्रेस के साथ हमारी समाजवादी पार्टी का बेहतरीन तालमेल है और उपचुनावों में सीटों का बंटवारा हो जाएगा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र और हरियाणा में विस्तार पर विचार कर रही है. हमें उम्मीद है कि यूपी उपचुनावों में कांग्रेस को सीटों के बदले हमारी पार्टी को महाराष्ट्र और हरियाणा में संतोषजनक संख्या मिलेगी.
समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव समेत 9 विधानसभा सदस्यों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने और कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट से सपा विधायक इरफान सोलंकी को एक आपराधिक मामले में सजा सुनाए जाने के बाद 10 सीटें खाली हुईं हैं.
जिन 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें से 2022 में भाजपा ने तीन सीटें (गाजियाबाद, खैर और फूलपुर) जीती थीं, जबकि सहयोगी निषाद पार्टी और रालोद (अब भाजपा की सहयोगी) ने दो (मझवां और मीरापुर) जीती थीं. सपा ने पांच सीटें (सीसामऊ, मिल्कीपुर, करहल, कटेहरी और कुंदरकी) जीती थीं.