उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है. राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जानकारी दी कि बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 1350 करोड़ रुपये से ज्याद की 166 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इसके साथ ही सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को कई जरूरी सुविधाएं और सहायता सामग्री भी उपलब्ध कराएगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश लगातार विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है. इसी क्रम में तीन जिलों के कई विधानसभा क्षेत्रों में 166 नई विकास परियोजनाओं की शुरुआत और लोकार्पण किया जाएगा. इन परियोजनाओं की कुल लागत 1350 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण की नित नवीन ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 18, 2026
इसी विकास यात्रा को नई गति देते हुए आज जनपद बुलन्दशहर, अमरोहा और सम्भल के विभिन्न विधान सभा क्षेत्रों में ₹1,350 करोड़ से अधिक…
सरकार इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, आयुष्मान कार्ड, टूल किट, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, चेक, मकानों की चाबियां और प्रमाण पत्र भी सौंपेगी. इसका उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है.
बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के कई विधानसभा क्षेत्रों को इन परियोजनाओं से सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. सड़क, आधारभूत ढांचा और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं स्थानीय लोगों के जीवन को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी. सरकार का दावा है कि इन कार्यों से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करेंगी. उनका मानना है कि विकास कार्यों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी और प्रदेश के लोगों का जीवन स्तर ऊंचा होगा. सरकार इसी दिशा में लगातार काम करने का दावा कर रही है.