menu-icon
India Daily

प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर, एक ही परिवार के तीन लोगों की सिर कुचलकर हत्या; गांव में फैली दहशत

प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में सोमवार रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई. घर से कुछ दूरी पर मिले शवों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर, एक ही परिवार के तीन लोगों की सिर कुचलकर हत्या; गांव में फैली दहशत
Courtesy: Pinterest

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुई एक दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. नीबी कुकुरकटवा गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी. अगली सुबह घटना की जानकारी सामने आते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 65 वर्षीय श्यामलाल उर्फ कल्लू, 60 वर्षीय इंद्रावती देवी और 55 वर्षीय अमरावती देवी के रूप में हुई है. तीनों के शव घर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर पाए गए. शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की.

सिर पर हमला कर की गई हत्या

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों की हत्या सिर पर गंभीर वार कर की गई. घटनास्थल की परिस्थितियां वारदात की क्रूरता को बयां कर रही हैं. पुलिस टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि घटना के पीछे किसी निजी विवाद या आशनाई से जुड़ा मामला हो सकता है.

हालांकि पुलिस अभी किसी एक संभावना पर नहीं पहुंची है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है. तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस के साथ उच्च अधिकारी भी गांव पहुंचे. एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की प्रगति की जानकारी ली.

पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के खुलासे के लिए कई टीमों को लगाया गया है. तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है. अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है, जिनसे जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती है.

उधर, संभल जिले में भी सोमवार शाम एक दुकानदार की हत्या का मामला सामने आया. बदायूं रोड पर बाइक सवार राजेश प्रजापति पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.