उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से बुधवार (27 अगस्त) एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई. सेंट पैट्रिक्स स्कूल की यह बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी, जब शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी. गनीमत रही कि बस में सवार सभी 17 बच्चे सुरक्षित बच गए. यह घटना परतापुर थाना क्षेत्र में हुई. हालांकि, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
फिलहाल, जांच में सामने आया है कि बस में आग का कारण शॉर्ट सर्किट था. बस जैसे ही बच्चों को लेकर रास्ते में थी, अचानक आग की लपटें उठने लगीं. ऐसे में ड्राइवर और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई. स्थानीय लोगों ने भी बच्चों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अगर कुछ मिनट की भी देरी हो जाती तो बड़ी घटना घट सकती थी.
#Meerut में दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित एक स्कूल की बस में भयंकर आग लगी
— Kuldeep Panwar (@Sports_Kuldeep) August 27, 2025
- परतापुर थाने के समीप इंजन में तेज आवाज के बाद धुआं उठा
- ड्राइवर ने तत्काल सभी 18 बच्चों को नीचे उतारा
- बच्चों के उतरते ही पूरी बस में भयंकर आग से जल गई#Schoolbusfire #meerutnews #viralvideo #Shocking pic.twitter.com/kfbvUzS7sn
आग के बाद हुआ जोरदार धमाका
वहीं, आग लगने के कुछ ही पलों बाद बस में एक तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए. सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं. हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, "पलक झपकते ही बस आग का गोला बन गई." इस घटना ने स्थानीय लोगों में स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
स्कूल प्रशासन की चुप्पी
सेंट पैट्रिक्स स्कूल की ओर से इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. पुलिस और प्रशासन मामले की गहन जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। बच्चों के सुरक्षित बचने से सभी ने राहत की सांस ली है.