menu-icon
India Daily

‘मैं बहुत कुछ हार गया’, इधर चल रहा था RCB और GT का मैच; उधर युवक ने 11वीं मंजिल से लगा दी छलांग

लखनऊ में आईपीएल मैच के दौरान सट्टेबाजी में भारी रकम हारने के बाद एक बत्तीस वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर ने जान दे दी. उसने बहुमंजिला इमारत की ग्यारहवीं मंजिल से कूदकर यह खौफनाक कदम उठाया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
‘मैं बहुत कुछ हार गया’, इधर चल रहा था RCB और GT का मैच; उधर युवक ने 11वीं मंजिल से लगा दी छलांग
Courtesy: X

क्रिकेट का रोमांच एक दर्दनाक मंजर में बदल गया. लखनऊ में एक युवा ने सट्टेबाजी के कारण आत्महत्या कर ली. गुरुवार रात रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर दांव लगाना उसके लिए जानलेवा साबित हुआ. सेशन बेटिंग में भारी नुकसान उठाने के बाद वह सदमे में था.

पत्नी की आखिरी कॉल

जनेश्वर अपार्टमेंट में रहने वाले 32 वर्षीय प्रबल जैन ने गुरुवार रात को आईपीएल मुकाबले के दौरान यह फैसला लिया. छलांग लगाने से पहले प्रबल ने पत्नी शिवानी को फोन किया और रोते हुए कहा कि वह सब कुछ हार चुका है. पत्नी ने समझाने की कोशिश की, लेकिन फोन कट गया. प्रबल ने ग्यारहवीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी. नीचे घूम रहे लोगों ने तेज आवाज सुनी और वहां तुरंत भारी भीड़ जमा हो गई.

आठ महीने पहले किया था प्रेम विवाह

प्रबल जैन सीतापुर के महमूदाबाद का निवासी था और गुडंबा क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रहता था. उसने आठ महीने पहले बोकारो की शिवानी से प्रेम विवाह किया था. दोनों की मुलाकात इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी. इस दर्दनाक हादसे के वक्त शिवानी सीतापुर में थी.

आईपीएल सट्टेबाजी में हुआ भारी नुकसान

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया. गंभीर हालत में प्रबल को अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है. इस नोट में आईपीएल सट्टेबाजी में हुए भारी नुकसान और कर्ज का साफ जिक्र है. प्रबल ने अपने परिवार और पत्नी से माफी भी मांगी है.

पिता ने भी की थी आत्महत्या

पूछताछ के दौरान शिवानी ने पुलिस को बताया कि प्रबल हमेशा आईपीएल मैच देखता था और सेशन बेटिंग करता था. इस बार उसे बहुत भारी नुकसान झेलना पड़ा था. कुछ समय पूर्व पिता ने भी आत्महत्या कर ली थी.

Topics