हरदोई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला यह एक्सप्रेसवे मां गंगा का आशीर्वाद है और यह लोगों के लिए यात्रा को आसान बनाएगा. उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश को नई पहचान देगी.
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के मतदान में भी लोग बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए बाहर निकल रहे हैं. सोशल मीडिया पर लंबी कतारों की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग बिना भय के मतदान कर रहे हैं और यह देश के संविधान और मजबूत होते लोकतंत्र का शुभ संकेत है.
#WATCH हरदोई, उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कुछ समय पहले, जब बिहार में चुनाव हुए तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज की थी, एक इतिहास रच दिया था। अभी कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायतें, नगर पंचायतें, तहसील पंचायत... इन सब के चुनाव के नतीजे… pic.twitter.com/DXQQAJrt46
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 29, 2026
उन्होंने बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोग अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हैं और लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. उन्होंने लोगों से मतदान खत्म होने तक इसी उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की.
पीएम मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव और गुजरात नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन जीतों ने पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ाया है. उन्होंने भरोसा जताया कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी.
प्रधानमंत्री ने कहा कि 4 मई को आने वाले नतीजों में भाजपा जीत की हैट्रिक पूरी करेगी. उन्होंने कहा कि यह जीत विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेगी और देश के विकास की रफ्तार को नई ऊर्जा देगी. उनके अनुसार आने वाले चुनाव परिणाम सिर्फ राजनीतिक जीत नहीं होंगे, बल्कि देश की प्रगति की दिशा तय करने वाले होंगे.
प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे राज्य के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा. इससे व्यापार, परिवहन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. मेरठ से प्रयागराज तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से लोगों का समय बचेगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश की जीवनरेखा बताया.