menu-icon
India Daily

'सपा-कांग्रेस की वजह से नहीं हुआ पास', वाराणसी में महिला आरक्षण बिल पर बोले पीएम मोदी

वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा और कांग्रेस पर महिला आरक्षण बिल रोकने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि परिवारवादी दल नारी शक्ति से डरते हैं. पीएम मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता बताते हुए विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास और लोकार्पण किया.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'सपा-कांग्रेस की वजह से नहीं हुआ पास', वाराणसी में महिला आरक्षण बिल पर बोले पीएम मोदी
Courtesy: ani

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे. दो दिवसीय दौरे के पहले दिन उन्होंने 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने देने के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जिम्मेदार हैं. उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि नारी शक्ति को उनका हक दिलाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी.

'सपा-कांग्रेस की वजह से अधूरा रहा लक्ष्य'

पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाना उनका बड़ा लक्ष्य है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों के विरोध के कारण यह लक्ष्य अभी अधूरा रह गया. पीएम ने काशी की महिलाओं से आशीर्वाद मांगा और भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे पर लगातार प्रयास करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का हक महिलाओं को जरूर मिलेगा.

परिवारवादी दल नारी शक्ति से डरे

प्रधानमंत्री मोदी ने सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके समेत परिवारवादी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल नारी शक्ति से डरे हुए हैं. उन्होंने कहा कि ये पार्टियां उन बेटियों को संसद और विधानसभा नहीं आने देना चाहतीं जो पंचायतों और कॉलेजों में अपनी मेहनत से नेतृत्व कर रही हैं. पीएम ने आरोप लगाया कि इन दलों को डर है कि यदि सामान्य परिवार की महिलाएं ऊपर आईं तो इनकी सत्ता और नियंत्रण खत्म हो जाएगा.

तीन करोड़ बहनें बनीं लखपति दीदी

पीएम मोदी ने अपनी सरकार की महिला कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में 10 करोड़ से ज्यादा महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं. तीन करोड़ बहनें अब लखपति दीदी बन चुकी हैं. उन्होंने बताया कि सरकार ने महिलाओं के लिए शौचालय, बैंक खाते, बिजली, नल का पानी और आर्थिक सहायता जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं. महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है.

नारीशक्ति विकसित भारत की स्तंभ

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति सबसे मजबूत स्तंभ है. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 1,050 करोड़ रुपये की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5,300 करोड़ रुपये की 112 परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इनमें सड़क चौड़ीकरण, रेल ओवरब्रिज, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, घाटों का विकास और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जैसी परियोजनाएं शामिल हैं. पीएम 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे.