menu-icon
India Daily

आगरा मेट्रो को मिल सकती है बड़ी सौगात, कानपुर के साथ चार नए स्टेशनों का लोकार्पण कर सकते हैं पीएम मोदी

आगरा मेट्रो परियोजना को जल्द नई गति मिलने वाली है. प्रदेश सरकार की मंजूरी मिलने पर 10 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगरा मेट्रो के चार नए भूमिगत स्टेशनों का लोकार्पण कर सकते हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
आगरा मेट्रो को मिल सकती है बड़ी सौगात, कानपुर के साथ चार नए स्टेशनों का लोकार्पण कर सकते हैं पीएम मोदी
Courtesy: Pinterest

उत्तर प्रदेश में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. आगरा मेट्रो के चार नए भूमिगत स्टेशनों के उद्घाटन की संभावना ने शहरवासियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जुलाई को इन स्टेशनों का लोकार्पण कर सकते हैं. इसी कार्यक्रम के दौरान कानपुर मेट्रो के एक महत्वपूर्ण कॉरिडोर को भी जनता के लिए समर्पित किए जाने की योजना है.

हालांकि अंतिम निर्णय प्रदेश सरकार की मंजूरी पर निर्भर है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कार्यक्रम को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और अनुमति मिलने का इंतजार किया जा रहा है. लोकार्पण के लिए जिन स्टेशनों को प्रस्तावित किया गया है, उनमें एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज स्टेशन शामिल हैं. ये सभी स्टेशन शहर के महत्वपूर्ण हिस्सों को जोड़ने वाले भूमिगत खंड का हिस्सा हैं.

30 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क पर तेजी से काम

बिजलीघर चौराहा स्थित मनकामेश्वर स्टेशन से लेकर आरबीएस कॉलेज स्टेशन तक अप और डाउन दोनों लाइनों पर परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है. इसके बाद अब यात्रियों के लिए नियमित संचालन शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं.

आगरा में कुल 30 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है. पहले कॉरिडोर की लंबाई लगभग 14 किलोमीटर है, जो ताज पूर्वी गेट और फतेहाबाद रोड क्षेत्र को सिकंदरा तिराहा से जोड़ता है. इस परियोजना के तहत पहले ही लगभग छह किलोमीटर लंबे हिस्से पर मेट्रो सेवा शुरू की जा चुकी है. अब अगले चरण में अतिरिक्त छह किलोमीटर क्षेत्र को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी चल रही है, जिससे शहर के लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा.

मुख्यमंत्री की बैठक के बाद मिल सकती है मंजूरी

सूत्रों के अनुसार प्रदेश सरकार को उद्घाटन कार्यक्रम का प्रस्ताव भेजा जा चुका है. जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है.मंजूरी मिलते ही चारों स्टेशनों को आकर्षक ढंग से सजाने और उद्घाटन समारोह की औपचारिक तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी.

यूपीएमआरसी अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी. चार भूमिगत स्टेशनों के अलावा आईएसबीटी, गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन का उद्घाटन अलग कार्यक्रम के तहत किए जाने की योजना है. इन तीनों स्टेशनों का लोकार्पण सितंबर के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित माना जा रहा है.