भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अब इस गठबंधन का चैप्टर क्लोज हो चुका है. उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस को जनता पर बोझ बताते हुए आरोप लगाया कि गठबंधन में विकास के बजाय परिवारवाद और निजी स्वार्थ की राजनीति हावी है.
पंकज चौधरी ने कहा कि इंडी गठबंधन में शामिल दलों के पास न तो उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट सोच है और न ही जनता के हितों से जुड़ा साझा एजेंडा. इन दलों की राजनीति सत्ता में हिस्सेदारी, परिवारवाद और निजी फायदे तक सीमित रह गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनसेवा की जगह परिवारवाद और विकास की जगह राजनीतिक बंटवारे को प्राथमिकता दी जा रही है.
इंडी गठबंधन का चैप्टर क्लोज है सपा-कांग्रेस जनता पर बोझ है बात, प्रदेश के विकास की नहीं, ‘लूट’ की है बात, जनहित की नहीं, ‘बंटवारे’ की है बात, सम्मानजनक स्थान की नहीं, ‘बंदरबांट’ की है बात, सरकार बनाने की नहीं, सिर्फ ‘परिवार’ की है बात, जीत के समीकरण की नहीं, ‘निजी हित’ की है बात, एडजस्टमेंट और एकमोडेशन की नहीं, ‘सेटलमेंट’ की है बात, गठबंधन की नहीं, ‘कलह’ की है बात, किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिला, कारोबारी, सच्चे अधिकारी और कर्मचारी की नहीं, चुनावी लॉलीपॉप की है। अभी जिनका यह हाल है, वह बाद में क्या करेंगे? #कारनामे_बोलते_हैं
— Pankaj Chaudhary (@mppchaudhary) November 25, 2026
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गठबंधन के दलों के बीच आपसी विश्वास और तालमेल की कमी है. जो नेता चुनाव से पहले ही सीटों, नेतृत्व और हिस्सेदारी को लेकर एकमत नहीं हो पा रहे हैं, वे चुनाव के बाद सरकार कैसे चलाएंगे? उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे दल जनता के सामने विकास का साझा रोडमैप कैसे पेश करेंगे.
चौधरी ने आरोप लगाया कि किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं और व्यापारी विपक्षी दलों के एजेंडे में शामिल नहीं हैं. इन वर्गों के नाम पर केवल चुनावी वादे किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उनका गठबंधन जनता के भविष्य के लिए है या अपने परिवारों और निजी स्वार्थों को पूरा करने के लिए.
बीजेपी नेता ने कहा कि जनता केवल नारों पर नहीं, बल्कि काम और जवाबदेही पर भरोसा करती है. उनके मुताबिक, बीजेपी की डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्षी दल आपसी खींचतान में उलझे हैं. उन्होंने सपा-कांग्रेस से अपने पिछले शासन का हिसाब देने और रोजगार, विकास व जनकल्याण पर ठोस योजना बताने की मांग की.