उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करने जा रही है. इसे 'जन-मन घोषणा पत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' नाम दिया गया है.
इस घोषणा पत्र में पिछड़े वर्गों, दलितों, अल्पसंख्यकों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर खास ध्यान दिए जाने की उम्मीद है. पार्टी अपनी चुनावी रणनीति में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को प्रमुखता देने जा रही है.
समाजवादी पार्टी इस बार तीन अलग-अलग स्तरों पर घोषणा पत्र तैयार कर रही है. पहला घोषणा पत्र पूरे उत्तर प्रदेश के लिए होगा, जिसमें प्रदेश के विकास और पार्टी की प्रमुख नीतियों का खाका पेश किया जाएगा.
दूसरा हिस्सा प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए होगा. इसमें हर जिले की स्थानीय समस्याओं, विकास की जरूरतों और क्षेत्रीय मुद्दों को शामिल किया जाएगा. तीसरा घोषणा पत्र राजधानी लखनऊ के लिए अलग से तैयार किया जा रहा है. इसमें शहर की बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहेगा.
सपा के प्रस्तावित घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक सहायता का ऐलान शामिल होने की संभावना है. पार्टी महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा कर सकती है.
हालांकि, इस योजना का लाभ किन महिलाओं को मिलेगा और इसके लिए क्या शर्तें होंगी, इसकी विस्तृत जानकारी घोषणा पत्र जारी होने के दौरान सामने आने की उम्मीद है. इसके अलावा युवाओं से जुड़े मुद्दे भी पार्टी के चुनावी एजेंडे में प्रमुखता से शामिल हो सकते हैं.
राजधानी लखनऊ के लिए तैयार किए जा रहे अलग घोषणा पत्र में शहरी समस्याओं को प्राथमिकता मिलने की संभावना है. इसमें ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए नए फ्लाईओवर बनाने, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और शिक्षा तक बेहतर पहुंच जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं. इस तीन स्तरीय रणनीति के जरिए सपा प्रदेशव्यापी वादों के साथ स्थानीय समस्याओं को भी अपने चुनावी अभियान का हिस्सा बनाना चाहती है.
घोषणा पत्र की तैयारी के बीच सपा ने मंगलवार रात विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी की. यह सूची कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत के दूसरे दौर के समाप्त होने के कुछ घंटे बाद सामने आई.
पार्टी की ओर से X पर साझा सूची के मुताबिक, सहारनपुर जिले की बेहट सीट से उमर अली खान और सहारनपुर सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है. शामली जिले की कैराना सीट से नाहिद हसन, अमरोहा सीट से महबूब अली और ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को प्रत्याशी घोषित किया गया है.