अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत से आयात होने वाले सामान पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. इसके मुताबिक, भारत के साथ व्यापार समझौता होने पर भी अमेरिका कम से कम 17 फीसदी शुल्क लगा सकता है. वहीं, अगर दोनों देशों के बीच ट्रेड डील नहीं होती है तो भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़कर 25 फीसदी तक पहुंच सकता है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं से आने वाले सामान पर नए आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है. इनमें चीन, बांग्लादेश, कंबोडिया, यूरोपीय संघ, इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं.
प्रस्ताव के तहत बांग्लादेश, यूरोपीय संघ, जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर से आने वाले उत्पादों पर 20 फीसदी तक शुल्क लगाया जा सकता है. वहीं, संभावित व्यापार समझौते के तहत ताइवान पर कम से कम 15 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है. ब्राजील से आयात होने वाले तैयार विमानों पर 10 फीसदी शुल्क लगाने की बात कही गई है.
ये प्रस्ताव अमेरिकी व्यापार अधिनियम 1974 की धारा 301 के तहत की गई जांच के बाद सामने आए हैं. अमेरिकी प्रशासन ने करीब आठ महीने तक 16 व्यापारिक साझेदारों की विनिर्माण नीतियों और अमेरिकी उद्योगों पर उनके प्रभाव की जांच की थी.
अमेरिका ने फिलहाल मेक्सिको और नॉर्वे को इन प्रस्तावित टैरिफ से बाहर रखा है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इन दोनों देशों से जुड़े मामलों की जांच अभी जारी है. रॉयटर्स ने एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि अलग-अलग देशों पर लागू होने वाली टैरिफ दरों का विस्तृत ब्योरा फेडरल रजिस्टर में प्रकाशित किया जाएगा.
अगर ये प्रस्ताव लागू होते हैं तो भारतीय निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाजार में कारोबार करना महंगा हो सकता है. इससे उन कंपनियों की लागत और प्रतिस्पर्धा पर असर पड़ने की आशंका है, जो अमेरिका को सामान निर्यात करती हैं.