menu-icon
India Daily

UP में पुलिस का एक्शन मोड ऑन, मुठभेड़ में मारा गया 1 लाख का इनामी बदमाश; 2 पुलिसकर्मी भी हुए घायल

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक भीषण मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी डकैत अहसान मारा गया है. इस गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

KanhaiyaaZee
UP में पुलिस का एक्शन मोड ऑन, मुठभेड़ में मारा गया 1 लाख का इनामी बदमाश; 2 पुलिसकर्मी भी हुए घायल
Courtesy: X/@saharanpurpol

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार को पुलिस की SWAT टीम और शातिर अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ शुरू हो गई. दोनों ओर से हुई मुठभेड़ में एक इनामी अपराधी को गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई. वही इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है. फ़िलहाल पुलिस के द्वारा इलाके में एक अन्य फरार अपराधी की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

यह पूरी घटना सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र की है. पुलिस टीम को इलाके में कुछ संदिग्ध अपराधियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी. जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू की, वैसे ही बाइक सवार बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस कर्मियों पर फायरिंग करनी शुरू कर दीं. पुलिस की तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक रुक-रुक कर फायरिंग होती रही.

मुठभेड़ में मारा गया एक लाख का इनामी बदमाश

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली सीधे शातिर अपराधी अहसान को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार मारा गया बदमाश बेहद खतरनाक प्रवृत्ति का था और उस पर हत्या के प्रयास, रंगदारी और डकैती जैसे कुल 31 संगीन मुकदमे दर्ज थे. इसमें से 13 मामले सिर्फ लूट की वारदातों से जुड़े थे. वह बेहट इलाके में हुई एक बड़ी डकैती की वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था.

एक अन्य फरार अपराधी की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी 

वही मुठभेड़ के दौरान मौके का फायदा उठाकर अहसान का एक अन्य साथी पुलिस पर लगातार गोलियां बरसाते हुए पास के घने जंगलों की तरफ भागने में सफल रहा. अपराधी के भागने के तुरंत बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है. पुलिस की कई टीमें और डॉग स्क्वायड की मदद से जंगलों में एक बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है. जिला पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में भी चेकिंग पॉइंट बनाकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.

एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मी भी हुए घायल 

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ में बदमाशों की गोली लगने से दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. एक उपनिरीक्षक (दारोगा) और एक सिपाही को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. वहीं, मौके पर मौजूद थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर दो गोलियां लगीं, जिससे उनकी जान बच गई.