menu-icon
India Daily

चलती ट्रेन में गायब हो गई नई-नवेली दुल्हन, पति की आंख खुली तो उड़ गए होश; केदारनाथ ट्रिप का रहस्यमयी अंत

केदारनाथ यात्रा से लौट रही एक नवविवाहिता अचानक गायब हो गई. महानंदा एक्सप्रेस से लौट रहा जोड़ा अपनी सीट पर सो रहा था. पति की नींद खुली, तो उसे सीट खाली मिली.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
चलती ट्रेन में गायब हो गई नई-नवेली दुल्हन, पति की आंख खुली तो उड़ गए होश; केदारनाथ ट्रिप का रहस्यमयी अंत
Courtesy: X

केदारनाथ यात्रा पर गए एक नवविवाहित जोड़े की खुशियां अचानक मातम में बदल गई. नवविवाहित जोड़ा देहरादून से गाजियाबाद जा रहा था. ट्रेन में वह अपनी सीट पर गए. उसके बाद दोनों की आंख लग गई. दोनों अपनी-अपनी सीट पर सो गए. कुछ समय बाद पति की आंख खुली. उसने देखा कि उसकी पत्नी सीट पर नहीं थी. पति को डर लगने लगा. वह पूरी ट्रेन में उसकी तलाश करने लगा. जब उसका अपनी पत्नी का सुराग नहीं मिला तो उसने पुलिस का कॉल लगाया. उसने कहा कि, "मेरी पत्नी अचानक गायब हो गई."

यह है पूरा मामला

कानपुर निवासी मनीष अग्रहरि और प्रज्ञा सिंह ने कुछ समय पहले प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों केदारनाथ धाम दर्शन के लिए गए थे. यात्रा पूरी करने के बाद दोनों महानंदा एक्सप्रेस से वापस ग्रेटर नोएडा लौट रहे थे. दोनों वहीं नौकरी करते हैं. लंबी यात्रा की थकान के कारण उनकी आंख लग गई थी. जब ट्रेन मुजफ्फरनगर के पास पहुंच रही थी, तभी पति की नींद खुली. उन्होंने देखा कि प्रज्ञा सीट पर नहीं थी. पहले उन्हें लगा कि शायद वह किसी दूसरी बोगी या वॉशरूम में गई होंगी, लेकिन काफी देर तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला.

मोबाइल लोकेशन ने बनाया रहस्य

मामले में सबसे बड़ा सवाल प्रज्ञा के मोबाइल की आखिरी लोकेशन को लेकर उठ रहा है. पुलिस के अनुसार, उनका फोन आखिरी बार उत्तराखंड के लक्सर इलाके में रेलवे ट्रैक के पास एक्टिव मिला था. इसके बाद मोबाइल बंद हो गया. इस जानकारी ने परिवार और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ा दी है. मनीष का कहना है कि प्रज्ञा के पास ज्यादा पैसे भी नहीं थे और न ही कोई दूसरा साधन था. ऐसे में उनका अचानक गायब हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है.

पुलिस का बयान

लक्सर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस स्टेशन, प्लेटफॉर्म और ट्रैक किनारे लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. हालांकि जांच में सबसे बड़ी परेशानी खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे बन रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कुछ कैमरे तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहे थे. अब डाटा रिकवरी की कोशिश की जा रही है.

 पति की अपील ने लोगों को भावुक किया

पत्नी की तलाश में परेशान मनीष अग्रहरि लगातार पुलिस और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं. उन्होंने उत्तराखंड सरकार और पुलिस अधिकारियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी पूरी दुनिया बिखर गई है. मनीष का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि प्रज्ञा इस समय कहां होंगी और किस हालत में होंगी.