प्यार में इंसान क्या कुछ नहीं कर सकता, यह हर वो व्यक्ति जानता है, जिसने इसको महसूस किया. कुछ ऐसे ही प्यार में अंधा होकर एक युवक ने डांसर को अपने झांसे में फंसा लिया. उसने उससे कहा कि, "मैं तुम्हें लड़के से लड़की बना दूंगा." डांसर ने भी प्यार में सबकुछ किया. दोनों तीन महीने तक साथ भी रहे. युवक ने उसे हार्मोन्स की गोलियां और नशे की गोलियां खिलाई और उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता रहा. इस दौरान उसने डांसर से 8 लाख रूपए भी लिए. डांसर को लगा अब तो यह मुझे छोड़ कर नहीं जाएगा लेकिन युवक ने उसे धोखा दे कहीं और शादी तय कर ली.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में डांसर की मुलाकात 2021 में नरेंद्र से शादी समारोह के दौरान हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर नजदीकियां हो गई. डांसर का कहना है कि वर्ष 2024 में नरेंद्र ने उसे लड़की बनाने और साथ जिंदगी बिताने का भरोसा दिया. इसके बाद दोनों ने मंदिर में शादी की रस्में निभाई. डांसर का आरोप है कि शादी के बाद वह आरोपी के घर भी रहा. इसी दौरान उसे लगातार हार्मोन और नशे की गोलियां दी जाती थी.
डांसर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि नरेंद्र ने दिल्ली में इलाज कराने और पूरी तरह लड़की बनाने का सपना दिखाकर उससे कई किश्तों में करीब 8 लाख रुपये लिए. आरोपी के परिवार के अन्य सदस्य भी इस पूरे मामले में शामिल थे. उसका आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अप्राकृतिक संबंध भी बनाए गए.
मामले ने तब नया मोड़ लिया जब डांसर को पता चला कि नरेंद्र ने दूसरी जगह शादी तय कर ली है. आरोपी की बारात 12 मई को जानी है. डांसर ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी और उसके परिवार ने उसे धमकाना शुरू कर दिया. पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके घर में घुसकर मोबाइल फोन भी तोड़ दिए गए ताकि सबूत खत्म किए जा सकें. साथ ही उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई.
पूरे मामले में मेजा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो चुकी है और हर पहलू की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी.