अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. जलालपुर थाना क्षेत्र के अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास पहले दो बाइकों की जोरदार टक्कर हुई. इस हादसे में घायल लोगों की मदद के लिए जुटे राहगीरों को कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया. इस भीषण सड़क हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है.
जानकारी के मुताबिक रात करीब 12 बजे सड़क पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे की खबर सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे. लोग इंसानियत दिखाते हुए घायलों को संभाल रहे थे और उन्हें अस्पताल भेजने की तैयारी कर रहे थे.
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ में घुस गई. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. देखते ही देखते वहां चीख-पुकार मच गई और कई लोग सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को Community Health Centre यानी सीएचसी जलालपुर पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 32 साल के कैफी, 24 साल के उत्तम कुमार, 25 साल के आदित्य कुमार, 24 साल के लालचंद, 32 साल के राजू गुप्ता और छोटू के रूप में हुई है. दो अन्य मृतकों की पहचान अभी की जा रही है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कार चालक की लापरवाही थी या कोई अन्य वजह. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.