उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों ने बीच सड़क पर तांडव मचाया. ये पूरी घटना शिव चौक की है. यहां पर दिल्ली से आए शिव भक्त की कांवड़ अचानक एक बाइक से टकरा गई. इसके बाद वहां मौजूद कुछ कांवड़ियों का गुस्सा आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने बाइक को बीच सड़क पर गिराया और उसके बाद उस पर दनादन लाठियां बरसानी शुरू कर दी.
कांवड़ियों ने न सिर्फ बाइक को तोड़ा बल्कि बाइक सवार युवक के साथ भी मारपीट की. इसका वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में नजर आ रहा है कि पुलिस वाले मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों को समझाने की कोशिश करते हैं. वो बाइक पर लाठियां बरसा रहे युवकों को रोकते हैं और जमीन पर गिरी बाइक को उठाते हैं.
वीडियो में आगे देखा जा सकता है जब पुलिस वाले बाइक को वहां से ले जाने की कोशिश करते हैं. उस दौरान भी कुछ कांवड़िए बाइक पर लाठियां बरसाते रहते हैं. किसी तरह वहां खड़े अन्य पुलिस वाले उन्हें रोकते हैं. इस बवाल की वजह से में शिव चौक पर यातायात भी प्रभावित हुआ और थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया. शिव चौक पर ये घटना हुई है वो नगर कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
#मुजफ्फरनगर में बाइक टच होने से गुस्साए कावड़ियों ने बाइक को सड़क पर गिराकर तोड़ना शुरू कर दिया.
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) July 10, 2025
पुलिस ने बीच में आकर बाइक बचाई. कांवड़ियों फिर भी बाइक पर डंडे बरसाते रहे. pic.twitter.com/FzVgcPgV6s
मुजफ्फरनगर ने इससे पहले कांवड़ियों ने एक ढाबे पर भी जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया था. यहां खाने में प्याज मिलने से वो भड़क गए थे. ये सभी कांवड़िए हरिद्वार से गंगा जल लौटकर आ रहे थे.सूचना मिलते ही पुलिस थाने पर पहुंची और मामला शांत कराया. फिलहाल ढाबे को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है.