menu-icon
India Daily

कानपुर की NRI City में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स नाइट पार्टी में छापा, दो गिरफ्तार, IIT-CSJMU सहित दूसरे राज्यों से पहुंचे थे छात्र

कानपुर के एनआरआई सिटी में चल रही एक हाई-प्रोफाइल ड्रग्स पार्टी में पुलिस ने छापा मारा. इस पार्टी में 140 से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें आईआईटी और सीएसजेएमयू के छात्र शामिल थे. पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
कानपुर की NRI City में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स नाइट पार्टी में छापा, दो गिरफ्तार, IIT-CSJMU सहित दूसरे राज्यों से पहुंचे थे छात्र
Courtesy: ai

शुक्रवार देर रात कानपुर के एनआरआई सिटी स्थित एक क्लब में आयोजित हाई-प्रोफाइल ड्रग्स नाइट पार्टी में पुलिस ने छापा मारकर हड़कंप मचा दिया. इस पार्टी में देशभर से 140 से अधिक युवा शामिल हुए थे, जिनमें आईआईटी कानपुर और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के छात्र भी शामिल थे. पुलिस ने मौके से एलएसडी, कोकीन, चरस और गांजा जैसे प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद किए हैं. इस मामले में दो मुख्य आरोपियों पार्टी के आयोजक और ड्रग्स सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया गया है.पुलिस को यह भी आशंका है कि यहां सेक्स रैकेट भी चल रहा था.

इंस्टाग्राम पर होता था प्रचार, 999 रुपये थी एंट्री फीस

पुलिस के अनुसार, इस पार्टी को ‘शोनिक शिफ्ट’ नाम से इंस्टाग्राम पर खूब प्रचारित किया गया था. पार्टी में शामिल होने के लिए 999 रुपये की एंट्री फीस निर्धारित की गई थी. विशेष ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को गुप्त सूचना मिली थी कि एनआरआई सिटी में देर रात कोई बड़ी ड्रग्स पार्टी चल रही है. एडीसीपी सुमित सुधारक रामटेके के नेतृत्व में टीम ने करीब ढाई बजे छापा मारा. पुलिस जब अंदर पहुंची तो सभी युवा नशे में धुत थे. मौके पर कुल 140 से अधिक लोग मिले, जिनमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश से आए युवा भी शामिल थे. पुलिस के अनुसार, दो युवकों ने अपने आपको आईआईटी कानपुर का छात्र बताया, जबकि कई सीएसजेएमयू से जुड़े हुए थे.

मौके से एलएसडी, कोकीन और चरस बरामद  

पुलिस ने तलाशी के दौरान मौके से 0.15 ग्राम एलएसडी (जो सबसे महंगे और प्रतिबंधित ड्रग्स में से एक है), 1.19 ग्राम कोकीन, 5.49 ग्राम चरस, 23.47 ग्राम गांजा, 0.6 ग्राम हशीश, पांच क्रशर और स्मोकिंग फिल्टर बरामद किए. पुलिस ने तुरंत पार्टी आयोजक फरदीन को गिरफ्तार कर लिया, जो जाजमऊ का रहने वाला है और लेदर का कारोबार करता है. वहीं दूसरा गिरफ्तार आरोपी मोहित जायसवाल (गुमटी नंबर 5 निवासी) है, जो हार्डवेयर का कारोबारी है. पुलिस के अनुसार, मोहित राजस्थान के पुष्कर से एलएसडी और अन्य ड्रग्स की सप्लाई करता था. दोनों से पूछताछ जारी है. पुलिस को यह भी संदेह है कि नशे के अंधेरे में इस पार्टी में सेक्स रैकेट भी चल रहा था, हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकी है.

पुलिस ने छात्रों को चेतावनी के साथ छोड़ा

कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि यह एक हाई-प्रोफाइल ड्रग्स पार्टी थी, जिसमें दूसरे राज्यों के रईसजादे और अमीर घरों के युवा शामिल हुए थे. हालांकि, पुलिस ने पार्टी में शामिल अधिकांश छात्रों को गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि उन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया. पुलिस का कहना है कि उनकी प्राथमिकता ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को तोड़ना है, न कि छात्रों को अपराधी बनाना. साथ ही, एनआरआई सिटी के आरडब्ल्यू (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) को नोटिस जारी कर बयान दर्ज किए जा रहे हैं कि आखिर उनकी जानकारी में तो यह पार्टी नहीं हो रही थी? पुलिस ने कहा कि आगे भी ऐसी पार्टियों पर नज़र रखी जाएगी और आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.