चीन के शांतऊ शहर में शुक्रवार सुबह एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया. एक महिला ने अपने हाई-राइज अपार्टमेंट की बालकनी से हांगकांग के एक हजार डॉलर (करीब डेढ़ करोड़ रुपये) के नोट फाड़-फाड़ कर नीचे फेंकने शुरू कर दिए. यह नजारा देखते ही मोहल्ले के लोग सड़क पर आ गए और नोट बटोरने में जुट गए. स्टार लेक सिटी नाम के इस आवासीय परिसर में अफरातफरी मच गई. स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह सब एक पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू झगड़े के बाद हुआ. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे लॉन्गहू जिले के स्टार लेक सिटी परिसर में अचानक हड़कंप मच गया. ऊपर से नोट उड़ते देख लोग दंग रह गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला अपनी बालकनी से बार-बार हाथ हिलाकर नोट नीचे फेंक रही है. कुछ ही देर में नीचे भारी भीड़ जमा हो गई और लोग नोट बटोरने लगे. स्थानीय प्रशासन को सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. प्रॉपर्टी मैनेजमेंट ऑफिस ने बताया कि ये नोट असली थे. हालांकि, कुछ निवासियों ने अपने द्वारा एकत्र किए गए नोट वापस लौटा दिए हैं. मैनेजमेंट ने बाकी लोगों से भी अपील की है कि जिस किसी के पास भी यह पैसा है, वह उसे थाने या ऑफिस में जमा करा दे.
This Chinese woman is going viral after she threw over $162,000 out onto the streets from her balcony after an argument with her husband. 🙆♂️ pic.twitter.com/rWiLFu9Rrj
— Erimus (@HeDontMakeNoise) April 15, 2026
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हुए तीखे झगड़े का नतीजा है. गुस्से में आकर महिला ने यह कदम उठाया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर यह रकम किसकी थी और इतनी बड़ी मात्रा में नकदी घर में क्यों रखी हुई थी. स्थानीय पुलिस थाने (झुची पुलिस स्टेशन) के अधिकारियों ने बताया कि मामले से निपट लिया गया है और जांच जारी है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि जो भी पैसे मिले हैं, उन्हें वापस कर दिया जाए. स्ट्रीट ऑफिस के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही एक औपचारिक बयान जारी किया जाएगा.